
नई परियोजना से यूपी से दिल्ली तक होगी निर्बाध बिजली आपूर्ति
Prayagraj News - प्रयागराज में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड एक नई परियोजना पर काम शुरू करने जा रहा है। इस परियोजना के तहत नारीबारी क्षेत्र में 765 केवी का नया सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश से दिल्ली तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रयागराज, पीयूष श्रीवास्तव। प्रयागराज में बिजली पारेषण व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) एक बड़ी परियोजना पर काम शुरू करने जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक निर्बाध बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ हो जाएगा। फिलहाल प्रयागराज के सारंगापुर (घूरपुर क्षेत्र) में स्थित 400 केवी पावरग्रिड सब-स्टेशन से बिजली पारेषण का कार्य संचालित हो रहा है। यहां पर सिंगरौली और एनटीपीसी से बिजली लेकर प्रयागराज, कानपुर और फतेहपुर समेत आसपास के जिलों में आपूर्ति की जाती है। बढ़ती मांग और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अब इससे कहीं अधिक क्षमता वाले नए सब-स्टेशन की योजना बनाई गई है।
पावरग्रिड की ओर से नारीबारी क्षेत्र में लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से 765 केवी का अत्याधुनिक सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इस नए सब-स्टेशन के माध्यम से सोनभद्र क्षेत्र से बिजली लेकर प्रयागराज होते हुए यूपी से दिल्ली तक पारेषण किया जाएगा। यह परियोजना अंतर-क्षेत्रीय (एनआर-डब्ल्यूआर) ट्रांसमिशन सिस्टम का अहम हिस्सा मानी जा रही है। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नारीबारी क्षेत्र में 51.22 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है, जिसके जीपीएस मैप और सटीक निर्देशांक शासन को भेज दिए गए हैं। पावरग्रिड अधिकारियों की ओर से किसानों से लगातार वार्ता की जा रही है ताकि सहमति के साथ भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा किया जा सके। पावर ग्रिड के एक अफसर ने बताया कि नया 765 केवी सब-स्टेशन चालू होने के बाद न सिर्फ प्रयागराज बल्कि दिल्ली तक की बिजली आपूर्ति प्रणाली को मजबूती मिलेगी और आने वाले वर्षों में बढ़ने वाली मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




