
चाइनीज मंझे की धरपकड़ को चार दिवसीय अभियान
Prayagraj News - प्रयागराज में चाइनीज मंझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने चार दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस आयुक्त ने चाइनीज मंझा के निर्माण, बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अभियान 9 से 12 फरवरी तक चलेगा और इसमें आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। चाइनीज मंझे से आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सोमवार से चार दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत की है। पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को व्यापक अभियान चलाकर चाइनीज मंझा बनाने वाले, बिक्री व भंडारण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है। चाइनीज मंझा को जब्त कर कानूनी कार्रवाई का आदेश है। पुलिस आयुक्त खुद अभियान की समीक्षा करेंगे। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मंझे पर प्रतिबंध लगाने और इससे होने वाली मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आदेश जारी किया था।
शासन के सख्त निर्देश पर प्रयागराज में भी पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया है। अभियान 9 से 12 फरवरी तक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके तहत चाइनीज मंझा के निर्माण, भंडारण, सिंथेटिक मंझा, सीसा लेपित नायलॉन डोरी व भंडारण व बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चाइनीज मंझा बेचने वाले सभी दुकानों का सत्यापन, बेचने वालों का नेटवर्क खंगालेगी। पुलिस आयुक्त ने आमजन को भी चाइनीज मंझा की बिक्री व भंडारण संबंधित जानकारी देने की अपील की है। पुलिस को सूचना देने वाले का नाम व पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




