आईवीएफ सेंटर के रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस, पांचों आरोपी गए जेल
Prayagraj News - पुलिस ने किशोरी के ओवा एक्सट्रैक्शन के मामले को गंभीरता से लिया है। आईवीएफ सेंटर के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। आरोपी मां-बेटी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला फाफामऊ थाने में दर्ज हुआ था, जिसमें आरोप है कि 15 वर्षीय लड़की का अपहरण कर अवैध तरीके से अंडाणु निकाला गया।
प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में नाबालिग किशोरी के अंडाणु निकालकर बेचने के सनसनीखेज मामले में पुलिस अब बड़े एक्शन की तैयारी में है। कूटरचित दस्तावेजों के सहारे चल रहे इस काले धंधे की जड़ें खोदने के लिए पुलिस ने आईवीएफ सेंटर के रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि अब तक इस सेंटर में कितनी लड़कियों और महिलाओं का ओवा एक्सट्रैक्शन किया गया है। विभाग ने सेंटर से सभी मरीजों की सूची मांगी है, क्योंकि शुरुआती जांच में कई अन्य लड़कियों के साथ भी इस तरह की गैरकानूनी हरकत के इनपुट मिले हैं।
मां-बेटी समेत पांच आरोपी जेल, बड़े गिरोह की तलाश
इस मामले में पुलिस ने शनिवार को पकड़े गए पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया है। शांतिपुरम की अनीता गौतम ने करेली की पलक हेला और उसकी मां रिंकी पर अपनी 15 साल की बेटी के अपहरण और जबरन ओवा एक्सट्रैक्शन कराने का मुकदमा दर्ज कराया था।
पकड़ी गई मां-बेटी ने पूछताछ में गिरोह के तीन अन्य साथियों—कल्पना भारतीया, सीमा और उसके बेटे हिमांशू के नामों का खुलासा किया, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां फैले हैं और शहर के कौन से सफेदपोश इस पूरे खेल के पीछे शामिल हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



