गोवध केस का वांछित पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया
Prayagraj News - प्रयागराज में सोरांव थाना क्षेत्र के सरायलाल खातून के पास पुलिस मुठभेड़ में गोवध का वांछित तबरेज गिरफ्तार किया गया। उसके पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रयागराज केसोरांव थाना क्षेत्र के सरायलाल खातून के समीप रिंग रोड के सर्विस लेन पर बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोवध का वांछित गिरफ्तार किया गया। पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार तबरेज निवासी अरईश पर पहले से गोवध समेत कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला।
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि सोरांव पुलिस बुधवार की रात लगभग साढ़े बारह बजे सरायलाल खातून के रिंग रोड के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोवध का वांछित तबरेज पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि, उसका साथी अंधेरे में पैदल भाग निकला। तबरेज के पास से एक अवैध तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा व बाइक बरामद किया गया। उस पर पहले से सोरांव, होलागढ़ समेत अन्य थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




