Prayagraj News: मार्च से पहले पुलिस ने छात्रनेताओं को हिरासत में लिया
Prayagraj News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित मार्च से पहले पुलिस और एसओजी ने कई छात्रनेताओं और छात्रों को हिरासत में लिया। छात्रावासों और कमरों में कार्रवाई के बाद बैंक रोड पर जुटे छात्रों को भी पुलिस लाइन भेजा गया। मार्च नहीं निकल सका, लेकिन छात्रनेताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।
Prayagraj News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को प्रस्तावित मार्च से पहले पुलिस ने कई छात्रनेताओं और छात्रों को हिरासत में ले लिया। पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छात्रावासों और छात्रों के कमरों में पहुंचकर कार्रवाई की। बैंक रोड पर मार्च के लिए जुटे छात्रों को भी हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के चलते छात्र अपना प्रस्तावित मार्च नहीं निकाल सके। वहीं, छात्रनेताओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुए आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है। छात्रनेताओं ने सोमवार को बैंक रोड से आजाद प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया था।
इसके जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जानी थी। मार्च शुरू होने से पहले ही पुलिस सक्रिय हो गई। सोमवार सुबह ही पुलिस और एसओजी की टीमों ने अलग-अलग छात्रावासों और छात्रों के कमरों में पहुंचकर छात्रनेताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। इसके बाद कुछ छात्रनेता नारेबाजी करते हुए बालसन चौराहे की ओर बढ़े। पुलिस ने छात्रनेता राहुल पटेल, अनुराग यादव और प्रियांशु को हिरासत में लिया गया। छात्रनेता अनुराग यादव ने आरोप लगाया कि कई छात्रनेताओं को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। वहीं, बैंक रोड पर एकत्र हुए छात्रों को पुलिस लाइन भेज दिया गया। छात्रनेताओं के अनुसार अखिलेश गुप्ता गुड्डू, राघवेंद्र यादव, आशुतोष यादव गुड्डू, विजयकांत यादव, गौरव गोंड, हिमांशु पटेल, गौरव, रोशन, मनदीप, दीपांशु और राकेश समेत कई छात्रों को हिरासत में लिया गया।
छात्रनेता हरेंद्र यादव, नवनीत यादव अनुराग यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई से छात्र अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।

