68 प्रतिशत से अधिक को नहीं मिला उद्योग लगाने के लिए ऋण
Prayagraj News - प्रयागराज में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 7,248 युवाओं ने ऋण के लिए आवेदन किया, लेकिन केवल 2,316 को ही ऋण मिल सका। 68 प्रतिशत से अधिक आवेदक भूमि की कमी और अनिवार्य मार्जिन मनी जमा न कर पाने के कारण अपात्र हो गए। यह योजना युवाओं को लघु उद्योग स्थापित करने के लिए ब्याज मुक्त ऋण प्रदान करती है।

प्रयागराज संवाददाता। जिले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत उद्योग स्थापित करने के लिए किए गए आवेदनों में से 68 प्रतिशत से अधिक युवाओं को ऋण नहीं मिल पाया। जमीन के अभाव और अनिवार्य मार्जिन मनी जमा न कर पाने के कारण बड़ी संख्या में आवेदक अपात्र हो गए। उद्योग अधिकारियों के अनुसार 7,248 युवाओं ने ऋण के लिए आवेदन किया था, जबकि मात्र 2,316 आवेदकों को ही ऋण मिल सका। शेष 4,932 आवेदक विभिन्न कारणों से पात्रता की शर्तें पूरी नहीं कर सके। योजना के तहत सामान्य वर्ग के आवेदक को कुल ऋण राशि का 15 प्रतिशत और ओबीसी, एसी-एसटी को 12 प्रतिशत की मार्जिन मनी जमा करना अनिवार्य है।
कई युवाओं के पास स्वयं की भूमि उपलब्ध नहीं थी, जबकि कुछ आवेदक निर्धारित मार्जिन मनी की व्यवस्था नहीं कर सके, जिसके चलते उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को आटा चक्की, राइस मिल सहित लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने के लिए चार वर्ष तक ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाती है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में बढ़ावा मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



