
बिलासपुर उड़ान रही निरस्त, दिल्ली समेत कई फ्लाइट लेट
Prayagraj News - प्रयागराज एयरपोर्ट पर एयरलाइंस कंपनियों की समस्याओं के चलते लगातार तीसरे दिन उड़ानें प्रभावित हुईं। इंडिगो की कई फ्लाइट्स घंटों की देरी से पहुंचीं, जबकि एलायंस एयर की एक उड़ान रद्द हो गई। यात्रियों ने एयरलाइन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। देरी का मुख्य कारण नए एफडीटीएल नियमों के अनुसार पायलटों की कमी बताई जा रही है।
एयरलाइंस कंपनियों की ऑपरेशनल समस्याओं का असर लगातार तीसरे दिन प्रयागराज एयरपोर्ट पर देखने को मिला। गुरुवार को इंडिगो की मुंबई, दिल्ली, भुवनेश्वर और हैदराबाद रूट की फ्लाइट घंटों की देरी से पहुंचीं और रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा। वहीं एलायंस एयर की बिलासपुर-प्रयागराज-बिलासपुर उड़ान रद्द होने से यात्रियों की दिक्कतें और बढ़ गईं। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन की लापरवाही और असुविधा को लेकर नाराजगी भी जताई। बताया जा रहा है कि इंडिगो की उड़ानों में देरी की मुख्य वजह नागर विमानन निदेशालय की ओर से लागू किए गए नए एफडीटीएल नियम हैं। इन नए नियमों के तहत पायलटों के कार्य समय, रात्रिकालीन उड़ानों और विश्राम अवधि की पाबंदियों में परिवर्तन किया गया है, जिसके चलते एयरलाइंस को अतिरिक्त पायलटों की जरूरत पड़ रही है।

पायलटों की कमी के कारण लगातार उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है। गुरुवार को भुवनेश्वर-प्रयागराज फ्लाइट सुबह 11:00 बजे के बजाय 11:55 बजे पहुंची और 11:35 की जगह 12318 बजे उड़ान भरी। वहीं हैदराबाद-प्रयागराज उड़ान 12:45 बजे आने वाली थी, लेकिन यह लगभग पांच घंटे की देरी से पहुंची। मुंबई से आने वाली इंडिगो की दूसरी उड़ान भी पांच घंटे लेट रही। दिल्ली वाली उड़ान भी करीब 45 मिनट देर से हुई। दिनभर में प्रयागराज एयरपोर्ट पर कुल 10 विमानों का आवागमन हुआ। इनमें 788 यात्री प्रयागराज पहुंचे और 823 यात्री यहां से रवाना हुए। उड़ानों की देरी और निरस्तीकरण को लेकर एयरपोर्ट पर यात्रियों में नाराजगी साफ नजर आई। कई यात्रियों ने कहा कि एयरलाइंस न देरी का सही कारण बता रही हैं और न ही समय पर अपडेट।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




