
बेहतरीन नुक्कड़ नाटकों को करेंगे पुरस्कृत
संक्षेप: Prayagraj News - प्रयागराज में एनसीजेडसीसी द्वारा नाट्य कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए पहली बार नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 23 से 28 नवंबर तक होगी, और आवेदन 20 नवंबर तक जमा करने होंगे। इसमें उत्कृष्ट नाटक के लिए नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
प्रयागराज, संवाददाता। एनसीजेडसीसी की ओर से पहली बार प्रदेश के नाट्य कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पांच दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 28 नवंबर तक एनसीजेडसीसी के प्रेक्षागृह में होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर है। आवेदन पत्र केंद्र के कार्यालय से लिया जा सकता है या फेसबुक पेज व वेबसाइट से अपलोड भी किया जा सकता है। एनसीजेडसीसी के निदेशक सुदेश शर्मा के अनुसार प्रतियोगिता में केवल उप्र के कलाकार ही भाग ले सकते हैं। नाटक की अवधि अधिकतम 20 मिनट होगी।

आवेदन के साथ तैयार नाटक की एक प्रति संलग्न करनी होगी। प्राप्त आवेदनों की जांच चयन समिति की ओर से किया जाएगा। उत्कृष्ट नुक्क्ड़ नाटक को नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार की धनराशि 51 हजार, दूसरे पुरस्कार की 31 हजार, तीसरे पुरस्कार की 21 हजार और सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये निर्धारित है। साथ ही चयनित प्रस्तुतियों को साल में पांच कार्यक्रम केंद्र की ओर से प्रदान किया जाएगा। इन विषयों पर मान्य होंगे नुक्क्ड़ नाटक नुक्क्ड़ नाटक के लिए निर्धारित 16 में किसी भी विषय का चयन किया जा सकता है। इसमें सामाजिक समरसता एवं सद्भावना, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी स्वाभिमान, वसुधैव कुटुंबकम, नागरिक कर्तत्व, यातायात नियम, स्वच्छता, ध्वनि प्रदूषण, वायु प्रदूषण, पॉलिथीन मुक्त, आज के परिवेश में महिलाओं की भूमिका, संविधान का आदर, देश की अखंडता व एकता, स्वतंत्रतता संग्राम के आदर्शों का संरक्षण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण में मानववाद और भारतीय योग एवं आज के परिवेश में योग का महत्व विषय शामिल है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7428516920 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




