चौरी चौरा एक्सप्रेस में एनएसजी कमांडर का लैपटॉप और बैग चोरी
Prayagraj News - प्रयागराज में चौरी चौरा एक्सप्रेस में एनएसजी के मेजर का ट्रॉली बैग चोरी हो गया है। बैग में सरकारी ड्यूटी का सामान और लैपटॉप था, जिसमें संवेदनशील डाटा मौजूद है। मेजर ने जीआरपी में एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के समय यात्रियों पर शक जताया गया है। जांच शुरू हो गई है।

प्रयागराज। चौरी चौरा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एनएसजी के मेजर टीम कमांडर का ट्रॉली बैग चोरी हो गया है। बैग में सरकारी ड्यूटी से जुड़े सामान के साथ कंपनी का लैपटॉप भी रखा था, जिसमें संवेदनशील डाटा होने की बात कही गई है। घटना के बाद कमांडर ने जीआरपी प्रयागराज में एफआईआर दर्ज कराई है। गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र निवासी नीरज कुमार पांडेय ने जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है कि वह तीन मई को गाड़ी संख्या 15004 चौरी चौरा एक्सप्रेस के एच-1 कोच में देवरिया से प्रयागराज की यात्रा कर रहे थे। उनका कहना है कि तड़के करीब 4:30 बजे ट्रेन जब वाराणसी जंक्शन पहुंची तो उन्होंने देखा कि उनका ग्रे रंग का ट्रॉली बैग गायब है।
बैग में ड्यूटी की यूनिफॉर्म, अन्य कपड़े और लैपटॉप रखा था। उन्होंने बताया कि लैपटॉप में सरकारी और संवेदनशील डाटा मौजूद है। नीरज कुमार पांडेय ने अपने आसपास यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों पर शक जताया है। जीआरपी प्रयागराज ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


