मनोज त्रिपाठी मंडल अध्यक्ष और डीएस यादव मंडल मंत्री बने
Prayagraj News - नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) प्रयागराज मंडल की चुनावी बैठक में नई मंडलीय टीम का निर्वाचन हुआ। मनोज त्रिपाठी मंडल अध्यक्ष और डीएस यादव मंडल मंत्री बने। आरडी यादव ने वेतन आयोग की रिपोर्ट और श्रम कानूनों के अंत की मांग उठाई। अन्य प्रमुख मांगों में कर्मचारियों के माइलेज में वृद्धि शामिल है।
नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) प्रयागराज मंडल की दो दिवसीय चुनावी मंडलीय परिषद बैठक बुधवार को कोरल क्लब में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नई मंडलीय टीम का निर्वाचन किया गया। मनोज त्रिपाठी को मंडल अध्यक्ष और डीएस यादव को मंडल मंत्री चुना गया। यूनियन के महामंत्री व एआईआरएफ के उपाध्यक्ष आरडी यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन मंडल मंत्री डीएस यादव ने किया। आरडी यादव ने आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत कर एक जनवरी 2026 से लागू करने, चारों श्रम कानूनों को समाप्त करने तथा यूपीएस में पुरानी पेंशन (ओपीएस) जैसी सुविधाएं लागू करने की मांग उठाई।
मंडल मंत्री डीएस यादव ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद मंडल कोषाध्यक्ष आरके राय ने आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इस दौरान प्रमुख मांगों में रनिंग कर्मचारियों के माइलेज में 25 प्रतिशत वृद्धि व 70 प्रतिशत आयकर छूट और रात्रि भत्ते की सीलिंग समाप्त करना आदि था। निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में नरेश कुमार सिंह, राजेश कुमार, जेपी वार्ष्णेय, ओमवीर सिंह, डीबी सिंह और जितेन्द्र कुमार मंडल उपाध्यक्ष, सईद अहमद संयुक्त मंडल मंत्री, वासुदेव पाण्डेय, विकास सिंह सहायक मंडल मंत्री, आरके राय मंडल कोषाध्यक्ष चुने गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



