
नगर निगम ने अस्पताल संचालन के लिए मांगा सालाना 6.2 करोड़
Prayagraj News - प्रयागराज में नैनी में प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के संचालन के लिए नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक की। उन्होंने अस्पताल के लिए सालाना 6.2 करोड़ रुपये की राशि का...
प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। नैनी में प्रस्तावित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के पीपीपी मॉडल पर संचालन को लेकर नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने मंगलवार को नोएडा में स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक की। गोल्फ कोर्स में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त ने स्टेक होल्डर्स को प्रस्तावित अस्पताल की रूपरेखा के बारे में जानकारी देने के साथ इसका संचालन करने वाली संस्था से सालाना 6.2 करोड़ रुपये नगर निगम को देने का प्रस्ताव रखा। नगर आयुक्त ने नगर आयुक्त को सालाना दी जाने वाली राशि में हर वर्ष पांच फीसदी वृद्धि की भी बात कही। मीटिंग में भाग लेने आए अलग-अलग अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त के प्रस्ताव को सुनने के बाद सालाना ली जाने वाली राशि कम करने की मांग की।
अस्पताल प्रबंधन के प्रतिनिधियों की मांग नगर आयुक्त ने सुनी लेकिन कोई आश्वासन नहीं दिया। कई प्रतिनिधियों ने अस्पताल रोड किनारे बनाने की भी मांग रखी तो नगर आयुक्त ने कहा कि बिजली की एचटी लाइन होने की वजह से यह संभव नहीं है। नगर आयुक्त के साथ गए नगर निगम के एक प्रतिनिधि ने बताया कि मीटिंग में सबसे पहले प्रतिनिधियों को लगभग साढ़े 12 हजार वर्ग मीटर में 75 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल बनाने की जानकारी दी। अस्पताल का निर्माण नगर निगम कराएगा। देश के प्रतिष्ठित हॉस्पिटल चेन के प्रतिनिधि बुधवार को नैनी में अस्पताल के लिए प्रस्तावित स्थल का दौरा करने की बात कही। पीपीपी मॉडल पर अस्पताल के संचालन को लेकर पूर्व नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने भी नई दिल्ली में स्टेक होल्डर्स के साथ मीटिंग की थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




