प्रतापगढ़ की मुस्कान का था मऊआइमा में मिला शव
Feb 07, 2026 07:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Prayagraj News - मऊआइमा के भवानीगढ़ में युवती मुस्कान मिश्रा का शव मिला। उसके भाई ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मुस्कान की शादी तीन महीने पहले हुई थी। पुलिस ने ससुर और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पोस्टमार्टम में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है।
मऊआइमा के भवानीगढ़ में शारदा सहायक नहर पटरी पर शुक्रवार को मिले युवती के शव की शनिवार को शिनाख्त हो गई। शव प्रतापगढ़ में रानीगंज थानाक्षेत्र के बरहदा गांव की मुस्कान मिश्रा का था। मुस्कान के भाई ने उसके ससुरालियों के खिलाफ मऊआइमा थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी ससुर व जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बहरिया थानाक्षेत्र के मैलहा निवासी प्रेम नारायण मिश्रा ने अपने तीन बेटों व तीन बेटियों में सबसे छोटी बेटी 24 वर्षीय मुस्कान की शादी 28 फरवरी 2023 को रानीगंज के बरहदा निवासी पुष्कर नाथ मिश्रा के छोटे बेटे धीरज के साथ की थी। तीन माह पूर्व ससुराल गई मुस्कान का शुक्रवार सुबह भवानीगढ़ गांव में शव मिला। ससुरालियों ने शुक्रवार को ही रानीगंज थाने में प्रार्थनापत्र देकर मुस्कान के गायब होने की तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि बहू मुस्कान जेवरात लेकर घर से भाग गई है। रानीगंज पुलिस ने मुस्कान के भाई सुनील कुमार से संपर्क कर मामले की जानकारी दी और मुस्कान के बारे में पूछा। सोशल मीडिया से मुस्कान का शव मिलने की जानकारी मायकेवालों को हुई तो मऊआइमा थाने जाकर शव की शिनाख्त की। सुनील ने पुलिस को तहरीर दी जिसमें ससुर पुष्कर नाथ मिश्रा, जेठ नीरज मिश्रा और ननद रिया मिश्रा पर दहेज के लिए मुस्कान की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सुनील कुमार के मुताबिक ससुराली दहेज के लिए मुस्कान को प्रताड़ित करते थे। पांच फरवरी की रात दस बजे तक मुस्कान ने घरवालों से बात की थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया था। मुस्कान का पति धीरज मिश्रा पंजाब में प्राइवेट जॉब करता है। ससुर नगर निगम से सेवानिवृत्त है और जेठ बेसिक शिक्षा में अध्यापक है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि शिनाख्त के बाद विवाहिता के भाई की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी ससुर और जेठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फांसी से मौत की आशंका
शिनाख्त के बाद शनिवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ मुस्कान के शव का पोस्टमार्टम किया। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम में फांसी से उसकी मौत होने की पुष्टि हुई है। गले में फंदे के निशान को छोड़कर मुस्कान के शरीर पर कोई चोट नहीं थी। अनुमान है कि पोस्टमार्टम से 36 घंटे पूर्व यानी पांच फरवरी की रात मुस्कान की मौत हुई।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


