नीमसराय में युवक की गोली मारकर हत्या
Prayagraj News - प्रयागराज के नीमसराय मोहल्ले में मामूली विवाद के चलते 18 वर्षीय शमशाद उर्फ अल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने बहनोई को बचाने आए शमशाद पर हमला किया। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए और हमलावर भाग गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। धूमनगंज थानाक्षेत्र के नीमसराय मोहल्ले में गुरुवार रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बहनोई को पिटाई से बचाने पहुंचे 18 वर्षीय शमशाद उर्फ अल्लू की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर ताबड़तोड़ बमबाजी कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दहशत और आक्रोश का माहौल बना रहा। पुलिस के मुताबिक, नीमसराय निवासी शमीम ई रिक्शा चालक है। गुरुवार रात उसका ई रिक्शा पड़ोसी ओवैस की बाइक से हल्के से टकरा गया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और आरोप है कि ओवैस ने अपने साथियों के साथ मिलकर शमीम की पिटाई कर दी।
पीड़ित शमीम ने परिजनों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी और रात में ही घर लौट रहा था। पुलिस चौकी से लौटने पर आरोपियों ने एकबार फिर हमला कर दिया। इसी दौरान मोहल्ले में मौजूद शमीम का साला शमशाद उर्फ अल्लू बहनोई को बचाने पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने शमशाद की भी बेरहमी से पिटाई की और तमंचे से सीधा फायर कर दिया। गोली शमशाद के गले को चीरती हुई आर-पार हो गई। हमले में शमीम समेत तीन लोग घायल भी हो गए। धूमनगंज पुलिस ने मृतक के पिता मोहम्मद चुन्नू की तहरीर पर ओवैस, मोहम्मद इस्माइल उर्फ निक्की, कैश उर्फ गोलू, इमरान, यूसुफ और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। वर्जन मामूली विवाद में मारपीट के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या की घटना हुई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। - अजयेंद्र यादव, एसीपी धूमनगंज
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



