Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsMurder in Khuldabad Man Killed Over Suspected Affair
अवैध संबंध के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या

अवैध संबंध के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या

संक्षेप: Prayagraj News - खुल्दाबाद क्षेत्र में एक युवक की हत्या संदिग्ध अवैध संबंध के शक में कर दी गई। आरोपी मोहम्मद अयाज ने अपने दोस्त मोहम्मद सेराज पर चाकू से हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सेराज की मौत चाकू के गहरे घावों के कारण हुई।

Sat, 8 Nov 2025 08:00 PMNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

खुल्दाबाद क्षेत्र के अटाला इमली तला में शनिवार सुबह एक युवक की अवैध संबंध के शक में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपी युवक के दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अल सुबह हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी को सेराज के चरित्र पर शक था, इसी के विवाद में उसने कत्ल कर दिया। फतेहपुर के बिंदकी थानाक्षेत्र के छोटी बजरिया कजियाना मोहल्ला निवासी मीरबक्श के तीन बेटों में बड़ा 34 वर्षीय मोहम्मद सेराज लगभग 15 वर्ष से पत्नी रूबी, बेटे अयान, अदनान और बेटी शाइना के साथ खुल्दाबाद के अटाला में किराए के मकान में रहता था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वह चार पहिया गाड़ी चलाने के साथ ही कबाड़ की फेरी करता था। सेराज की पास में ही रहने वाले मोहम्मद अयाज पुत्र इलियास से दोस्ती थी। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना होता था। सेराज शनिवार सुबह लगभग सवा छह बजे अयाज के घर गया तो दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर अयाज ने चाकू से सेराज पर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ एक के बाद एक चार वार से सेराज जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद अयाज फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और सेराज के पत्नी-बच्चे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर एसीपी कोतवाली रवि गुप्ता खुल्दाबाद थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल सेराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सेराज की हत्या की खबर पाकर फतेहपुर से उसके पिता मीरबक्श और दोनों भाई मेराज और शानू भी परिजनों के साथ पहुंचे। मेराज की तहरीर पर मोहम्मद अयाज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के कुछ देर बाद ही हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सेराज की गर्दन और कमर में चाकू के गहरे घाव का जिक्र है। यही मौत की वजह बने। पुलिस ने बताया कि आरोपी अयाज पहले मुंबई में एक कंपनी में नौकरी करता था। बीते कुछ समय से घर पर ही रह रहा था। आरोपी मोहम्मद अयाज और मृतक मोहम्मद सेराज आपस में दोस्त थे। दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। आरोपी अयाज सेराज के चरित्र पर शक करता था। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। -मनीष शांडिल्य, डीसीपी नगर जोन, प्रयागराज