Hindi NewsUttar-pradesh NewsPrayagraj NewsMouni Amavasya Bath Festival Extensive Arrangements by Railways and Roadways for Pilgrims
250 ट्रेन, 3800 बसें और पांच विमान यात्रियों के लिए तैयार

250 ट्रेन, 3800 बसें और पांच विमान यात्रियों के लिए तैयार

संक्षेप:

Prayagraj News - मौनी अमावस्या स्नान पर्व के लिए रेलवे और रोडवेज ने व्यापक व्यवस्था की है। उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे ने 250 ट्रेनों का संचालन किया है। यूपी रोडवेज ने 3800 बसों का इंतजाम किया है। प्रयागराज एयरपोर्ट से भी पांच उड़ानें चलाई जाएंगी। एकल दिशा प्रवेश व्यवस्था लागू की गई है।

Jan 17, 2026 09:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर रेलवे और रोडवेज ने महाकुम्भ की तर्ज पर व्यापक इंतजाम किया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे ने ऑन डिमांड व्यवस्था के तहत करीब 80 अतिरिक्त रेक के साथ कुल लगभग 250 ट्रेनों के संचालन की तैयारी कर ली है। वहीं यूपी रोडवेज ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ मध्य प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्यों के लिए करीब 3800 बसों का इंतजाम किया है। प्रयागराज एयरपोर्ट से भी भुवनेश्वर, बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई के लिए कुल पांच उड़ानों का संचालन किया जाएगा। माघ मेला क्षेत्र में की गई यह व्यवस्था महाकुम्भ की तर्ज पर पूरी तरह ऑन डिमांड आधारित है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जिस रूट पर जितनी भीड़ होगी, उसी के अनुसार ट्रेन और बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा। मौनी अमावस्या से एक दिन पहले ही मध्य प्रदेश, बिहार, बुंदेलखंड और पूर्वांचल से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। झूंसी, छिवकी, प्रयाग जंक्शन और प्रयागराज जंक्शन पर लगातार श्रद्धालुओं का उतरना जारी रहा। प्रयागराज जंक्शन पर एकल दिशा प्रवेश व्यवस्था लागू की गई है। यात्रियों को सिटी साइड से प्रवेश और सिविल लाइंस साइड से निकासी दी जा रही है। यही व्यवस्था सूबेदारगंज स्टेशन पर भी लागू रही। रेलवे ने यात्रियों को स्नान के बाद सुरक्षित और सुगम वापसी के लिए आसपास के स्टेशनों पर 80 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के रेक खड़े कर दिए हैं। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज जंक्शन, छिवकी और नैनी जंक्शन पर कलर कोडिंग के आधार पर रूटवार यात्रियों को प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित रहे। वहीं डीआरएम रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में जंक्शन के कंट्रोल टावर पर हुई समीक्षा बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी स्टेशनों पर एकल दिशा व्यवस्था सख्ती से लागू रहे और आरपीएफ–जीआरपी सिविल प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करे। उत्तर रेलवे और पूर्वोंत्तर रेलवे के डीआरएम भी रात में प्रयागराज में कैंप करेंगे। उधर, यूपी रोडवेज के बेला कछार, नेहरू पार्क, लेप्रोसी, विद्या वाहिनी और झूंसी स्थित अस्थायी बस स्टेशनों पर शनिवार से ही अन्य क्षेत्रों की बसों का आगमन शुरू हो गया है। स्नान के बाद रविवार को श्रद्धालुओं की वापसी को देखते हुए रेलवे और रोडवेज दोनों के लिए यह सबसे बड़ी चुनौती मानी जा रही है। क्योंकि भीड़ बढ़ने पर शहर में बसों का संचालन बंद हो जाएगा।