अपहृत नाबालिग छात्रा की बरामदगी को लेकर पुलिस मुख्यालय पर धरना

अपहृत नाबालिग छात्रा की बरामदगी को लेकर पुलिस मुख्यालय पर धरना

संक्षेप:

Prayagraj News - सोरांव क्षेत्र के एक गांव में एक हाईस्कूल की नाबालिग छात्रा एक महीने से लापता है। परिजनों ने दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया है और पुलिस मुख्यालय पर धरना दिया। अपर पुलिस आयुक्त ने आश्वासन दिया कि तीन दिन के अंदर छात्रा को बरामद किया जाएगा।

Dec 12, 2025 07:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

सोरांव क्षेत्र के एक गांव की हाईस्कूल की नाबालिग छात्रा एक महीने से लापता है। परिजनों ने दो युवकों पर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा भी दर्ज कराया है। हालांकि, अब तक छात्रा की सकुशल बरामदगी नहीं होने से शुक्रवार को परिजनों व सामाजिक संगठन के लोगों का गुस्सा भड़क गया। दर्जनों की संख्या में लोगों ने पुलिस मुख्यालय पर धरना दिया। घंटों चले प्रदर्शन के बाद अपर पुलिस आयुक्त डॉ अजयपाल शर्मा ने तीन दिन के अंदर छात्रा को बरामद कराने का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। बहरिया के पूर्व ब्लॉक कुलदीप पांडेय के नेतृत्व में छात्रा के परिजन व दर्जनों की संख्या में लोगों ने हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पत्थर गिरजाघर से जुलूस निकाला।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वे नारेबाजी करते हुए पुलिस मुख्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुलदीप पांडेय ने बताया कि नौ नवंबर को हाईस्कूल की छात्रा घर से बाजार के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसी दिन से समीपवर्ती गांव के दो युवक भी लापता हैं। छात्रा के परिजनों ने दोनों युवकों के खिलाफ सोरांव थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया। लेकिन, पुलिस एक महीने से छात्रा की खोजबीन की बजाय हीलाहवाली कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जाति विशेष की लड़कियों को बरगलाकर अपने साथ ले जाने का षड़यंत्र रच रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में अब तक सात लड़कियां गायब हो चुकी हैं। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर अनवरत धरना जारी रखने की चेतावनी दी। हालांकि, अपर पुलिस आयुक्त ने आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। धरना प्रदर्शन में डॉ श्याम प्रकाश द्विवेदी, शिवम मिश्रा, आशीष तिवारी, अभिषेक यादव आदि शामिल रहे।