कान में जमे कैल्सियम के कणों से भी आता है चक्कर

हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

यदि आपको उठने, बैठने या लेटते समय चक्कर आता है तो दवा लेने के बजाय व्यायाम की जरूरत है। माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है, जो महिलाओं में 70% और पुरुषों में 30% तक होती है। पार्किंसन बीमारी अब युवाओं में भी बढ़ रही है, जिससे जीवनशैली में बदलाव और संतुलित खानपान की आवश्यकता है।

कान में जमे कैल्सियम के कणों से भी आता है चक्कर

यदि उठने, बैठने व लेटते समय चक्कर आता है तो दवा लेने के बजाय अभ्यास की जरूरत होती है। क्योंकि इस स्थिति में चक्कर आने का मुख्य कारण कान के अंदर कैल्सियम के कणों का जमा होना होता है, जो डॉक्टर की देखरेख में विशेष अभ्यास से ठीक हो जाता है। वहीं, माइग्रेन केवल सिर दर्द नहीं है, यह एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है। महिलाओं में माइग्रेन की समस्या लगभग 70 और पुरुषों में 30 तक फीसदी होती है। यह विचार नासिक के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. विजय घुगे ने रविवार को एएमए की ओर से आयोजित 17वें न्यूरो अपडेट समारोह में व्यक्त किए।

अपोलो अस्पताल, हैदराबाद की न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सौम्या शर्मा ने कहा कि अंगों में कंपन से संबंधित पार्किंसन बीमारी से पीड़ित मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। पहले यह बीमारी बुजुर्गों में अधिक होती थी लेकिन अब 21 से 40 साल तक की उम्र के लोग भी पीड़ित हो रहे हैं। 10 साल बाद पार्किंसन न्यूरो से संबंधित देश की नंबर एक बीमारी बन जाएगी। शरीर में कंपन, अकड़न, झनझनाहट की स्थिति में एंटीबायोटिक दवाएं लेने के बजाय व्यायाम की जरूरत होती है। आरएमएल अस्पताल लखनऊ के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. अब्दुल कवि ने बताया कि पार्किंसन की बीमारी आनुवांशिक भी होती है।आयोजन समिति के सचिव व न्यूरोलॉलिस्ट डॉ. गुलाब सोनी ने कहा कि जीवनशैली में बदलाव व संतुलित खानपान से न्यूरो से संबंधित बीमारियों से बचा जा सकता है। डॉ. रुबी चोपड़ा ने माइग्रेन प्रबंधन, डॉ. आशीष दुग्गल ने परिधीय न्यूरोपैथी प्रबंधन, डॉ. लक्ष्मीकांत तोमर ने न्यूरो संबंधी बीमारियों के कारण और इलाज की आधुनिक तकनीक पर विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता एएमए के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मिश्र ने की। इस मौके पर एएमए के सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष डॉ. जेवी रॉय, डॉ. राजेश मौर्य, डॉ. अनूप चौहान, डॉ. सुनील सिंह मौजूद रहे। संचालन डॉ.अनुभा श्रीवास्तव ने किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।