Memories: सुशांत का संगमनगरी के कलाकारों को मिला स्नेह
लोकप्रिय फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का संगमनगरी से जुड़े कलाकारों से काफी लगाव रहा है। रविवार को जब उनके असामयिक निधन की जानकारी हुई तो लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा था वह हमारे बीच नहीं हैं।...
लोकप्रिय फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का संगमनगरी से जुड़े कलाकारों से काफी लगाव रहा है। रविवार को जब उनके असामयिक निधन की जानकारी हुई तो लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा था वह हमारे बीच नहीं हैं। बहुत कम समय में फिल्म जगत में मुकाम हासिल करने वाले सुशांत प्रतिभाशाली अभिनेता थे। कोरोना काल में इरफान के बाद सुशांत का जाना शहर के कलाकारों को आहत कर गया।
मशहूर पटकथा लेखक शांति भूषण ने सुशांत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुशांत की फिल्म पीके में अमीर खान के लिए भोजपुरी संवाद लिखा था। उनकी जब पहली फिल्म रिलीज हुई थी तब जयपुर में हुए उत्सव में सुशांत के साथ फिल्म भी देखा था।
अभिनेता व पटकथा लेखक योगेश विक्रांत ने कहा कि सुशांत के निधन से फिल्म जगत की काफी क्षति हुई है। इतने बड़े कलाकार का डिप्रेशन में आकर आत्महत्या करना आश्चर्य की बात है। फिल्म निर्देशक व लेखक धीरज मिश्र ने कहा कि सुशांत बहुत योग्य और सुलझे कलाकार थे। एक फिल्म में अभिनय को लेकर उनसे मुलाकात हुई थी। उस समय मुंबई में धारावाहिक पवित्र रिश्ता की शूटिंग चल रही थी। सुशांत के निधन से देश ने एक होनहार अभिनेता को खो दिया है। गायिका लक्ष्मी श्रीवास्तव पलक ने कहा कि मुंबई में हुए इंडियन आइडल के रियल्टी शो में सुशांत का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। उस कार्यक्रम में वे बतौर जज मौजूद थे।