महिला का ऑपरेशन कर पेट में छोड़ दी स्पंज, कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर पर एफआईआर

महिला का ऑपरेशन कर पेट में छोड़ दी स्पंज, कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर पर एफआईआर

संक्षेप:

Prayagraj News - प्रयागराज में एसआरएन अस्पताल की महिला चिकित्सक ने ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में कॉटन का स्पंज छोड़ दिया। इसके कारण गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। महिला को प्राइवेट अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन कराना पड़ा। न्यायालय के आदेश पर डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Dec 11, 2025 11:50 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। एसआरएन अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ने महिला का ऑपरेशन करने के बाद पेट में ही कॉटन का स्पंज छोड़ दिया। महिला चिकित्सक की लापरवाही से गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई, तो वहीं पीड़ित महिला को प्राइवेट अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन कराकर कॉटन का स्पंज निकालने के बाद जान बच सकी। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय के आदेश पर कोतवाली थाना पुलिस ने महिला चिकित्सक के खिलाफ डेढ़ साल बाद दस नवंबर को एफआईआर दर्ज की। प्रतापगढ़ जिले की जमेठी कुंडा निवासी सज्जन प्रजापति की पत्नी रन्नो प्रजापति की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, आठ मार्च 2024 को एसआरएन अस्पताल में पेट का ऑपरेशन हुआ था।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अस्पताल में ही 15 मार्च तक ऑपरेशन करने वाली महिला चिकित्सक की देखरेख में रही। लेकिन, पेट में लगातार दर्द होता रहा। आरोप है कि डॉक्टर से शिकायत करने पर गैस बनने का बहाना बनाया गया। उसे 15 मार्च की दोपहर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। कई दिनों बाद भी हालात में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उसे प्राइवेट अस्पताल में दिखाया। जहां अल्ट्रासाउंड में पेट के अंदर कॉटन का स्पंज छूटने की जानकारी मिली। 27 जुलाई को प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन कर कॉटन का स्पंज निकाला गया। आरोप है कि रन्नो प्रजापति ने कोतवाली थाना से लेकर पुलिस आयुक्त तक शिकायत पत्र दिया, लेकिन महिला चिकित्सक के खिलाफ न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही एफआईआर तक दर्ज किया गया। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। उधर, कोतवाली थाना प्रभारी संजय कुमार राय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।