मौनी अमावस्या पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा में आस्था की डुबकी
Prayagraj News - स्नान पर्व मौनी अमावस्या के एक दिन पहले ही स्नानार्थियों के हुजूम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया है।

मौनी अमावस्या स्नान पर्व के एक दिन पहले उमड़े स्नानार्थियों के हुजूम को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मेला क्षेत्र को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ले लिया है। संगम नोज समेत सभी स्नान घाटों और समूचे मेला क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, नो-व्हीकल जोन का भी सख्ती से पालन किया जा रहा है। एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने मौनी अमावस्या की पूर्व संध्या पर ही मेला क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही पुलिस व प्रशासनिक टीम को दिशा-निर्देश दिए। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा के तहत मेला और शहर के प्रवेश द्वार पर स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया गया है।
दूसरे चरण में पीएसी, आरएएफ, एटीएस, घुड़सवार व अन्य टीम मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील है। जबकि, तीसरे व सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा घेरे के तहत संगम नोज व अन्य स्नान घाटों की निगरानी बढ़ा दी गई है। संगम क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मोटरबोट के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और सावधानीपूर्वक स्नान करने की अपील कर रहे हैं। वहीं, मेला क्षेत्र में यातायात दबाव को नियंत्रित रखने के लिए आसपास के पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित किया गया है। शहर के रूट डायवर्जन में बदलाव मौनी अमावस्या के एक दिन पहले शनिवार से ही स्नानार्थियों के हुजूम को देखते हुए शहर में भी रूट डायवर्जन में बदलाव किया गया है। सोहबतियाबाग तिराहे, लेप्रोसी व अंदावा चौराहे पर बैरिकेड्स लगाकर ई-रिक्शा, आटो समेत अन्य सवारी व मालवाहक वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रयागराज जंक्शन के दोनों छोर सिविल लाइंस और सिटी साइड मार्ग पर भी बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की नो-इंट्री का पालन कराया जा रहा है। इसके अलावा दारागंज, अंदावा चौराहा, लेप्रोसी चौराहा, फाफामऊ आदि प्रमुख मार्गों पर भी बैरिकेड्स लगाकर बड़े व चारपहिया वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




