संक्रांति और अमावस्या स्नान को लेकर बढ़ी सतर्कता
Prayagraj News - प्रयागराज में माघ मेला के दौरान मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या पर स्नानार्थियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए तैयारी तेज कर दी है। दोनों स्नान पर्व पर लगभग 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। माघ मेला में मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या पर स्नानार्थियों की अपार भीड़ उमड़ने की संभावना है। मात्र तीन दिन के अंतराल में दो प्रमुख स्नान पर्व पड़ने से प्रयागराज कमिश्नरेट व मेला पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल और पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने गुरुवार को मेला क्षेत्र का भ्रमण कर पुलिस व अन्य सुरक्षा बलों को जरूरी दिशा निर्देश दिया। साथ ही दोनों स्नान पर्व पर पूरी तरह अलर्ट रहने का भी आदेश दिया। मंडलायुक्त और पुलिस आयुक्त ने स्नान घाटों, आवागमन मार्गों, किला घाट आदि ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि मौनी अमावस्या पर करीब साढ़े तीन करोड़ और मकर संक्रांति में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है। भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात के साथ ही मेला क्षेत्र से स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा चुनौती होगी। इसके लिए सभी को पूरी तरह अलर्ट रहने की जरुरत है। कहा कि संगम नोज समेत सभी प्रमुख स्थानों पर एक जगह भीड़ इकट्ठा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त डॉ अजयपाल शर्मा, डीएम मनीष कुमार वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे । उधर, पुलिस लाइन सभागार में डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने कर्नलगंज सर्किल के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी व ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिया। जबकि, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने श्रद्धालुओं के सुगम व सुरक्षित यातायात के लिए फाफामऊ क्षेत्र के महत्वपूर्ण मार्गों, प्लाटून पुलों व घाटों निरीक्षण कर जायजा लिया। मेला में पकड़े गए दो संदिग्ध युवक प्रयागराज। मेला क्षेत्र के सेक्टर नंबर छह स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति शिविर में पुलिस ने गुरुवार को दो संदिग्धों को पकड़ा। दोनों युवकों के खिलाफ एक कंपनी की यूपीआई आईडी बनाने को लेकर शिकायत की गई थी। आरोप है कि आईडी बनने के बाद भी ट्रांसफर रुपये खाते में नहीं आया। शिविर में मौजूद सेवकों व सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को हिरासत लेकर थाने पहुंची। समियामाई चौकी प्रभारी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों युवक से पूछताछ कर संबंधित कंपनी के अधिकारियों को बुलाया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


