शताब्दी वर्ष की संध्या में कथक, भरतनाट्यम ने बांधा समा
Prayagraj News - महाशिवरात्रि के दिन प्रयाग संगीत समिति का शताब्दी स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अपराजिता चौधरी और अन्य प्रमुख व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। बांसुरी, तबला, कथक और भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन हुआ।
प्रयागराज, संवाददाता। महाशिवरात्रि के दिन स्थापित प्रयाग संगीत समिति का शताब्दी स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अपराजिता चौधरी, समिति के सचिव अरुण कुमार व अध्यक्ष अजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर समिति की साउथ मलाका शाखा में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अनिल कुशवाहा के निर्देशन में बांसुरी पर राजनाथ व तबले पर अतुल चौरसिया ने संगत कर सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की तो समिति के अपर निदेशक अजय किशोर की देखरेख में छात्र-छात्राओं ने तबला वादन में पेशकारा, कायदा, तिहाई, टुकड़े व परनचक्कदार की प्रस्तुति की। समारोह का आकर्षण कथक नृत्य की प्रस्तुति रही, समिति की शिक्षिका पूजा अग्रवाल की अगुवाई में अविका, नव्या, तिष्का, नित्या, मृगांका, मानसी, संघमित्रा व प्राची ने नृत्य के जरिए राम व शिव वंदना की प्रस्तुति की।
तबले पर पूरन मिश्र, हारमोनियम पर अनिल कुशवाहा, सितार पर समर्थ राज ने संगत की। समापन प्रस्तुति भरतनाट्यम की हुई। आद्या मिश्रा, आयुषी, नित्या, शिवांगी, नैंसी व मान्या आदि छात्राओं ने ने गणेश पंचरत्न स्तोत्रम् व ऊं नम: शिवाय पर भरतनाट्यम की मनमोहक प्रस्तुति की। सहायक निदेशक महेश्वर दयाल ने अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों का स्वागत किया। संचालन रागिनी श्रीवास्तव व प्रभाकर दयाल का रहा। इस मौके पर उमा दीक्षित, रामजी, अमित, नीतू मालवीय, अर्चना श्रीवास्तव, दीप्ति खरे, छगनलाल, सुनील मिश्र, शमशाद अहमद, आईना बोस आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


