
माघ मेला : शुक्रवार रात आठ बजे से मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन
Prayagraj News - प्रयागराज में पौष पूर्णिमा से 3 जनवरी से माघ मेला की शुरुआत होगी। पहले दिन स्नानार्थियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात रूट डायवर्जन लागू किया है। मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन रहेगा, केवल आपातकालीन वाहनों को अनुमति होगी। श्रद्धालुओं को निर्धारित मार्गों से आने-जाने और पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़े करने की सलाह दी गई है।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। पौष पूर्णिमा के साथ तीन जनवरी से माघ मेला की शुरुआत होगी। पहले दिन स्नानार्थियों की अत्यधिक भीड़ की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुगम यातायात के मद्देनजर रूट डायवर्जन लागू किया है। वहीं मेला क्षेत्र और संगम नोज तक आवागमन के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है। पांटून पुलों पर आवागमन की एकल मार्ग की व्यवस्था की गई है। आज यानी शुक्रवार शाम आठ बजे से मेला क्षेत्र नो-व्हीकल जोन हो जाएगा। सिर्फ एंबुलेंस और आपातकालीन वाहन को छूट रहेगी। परेड से झूंसी की तरफ जाने के लिए श्रद्धालु पांटून पुल संख्या तीन, पांच व सात का प्रयोग करेंगे।
झूंसी से परेड की तरफ आने के लिए पांटून पुल संख्या चार व छह का इस्तेमाल करेंगे। विपरीत दिशा में वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। पांटून पुल संख्या एक व दो को रिजर्व रखा गया है। संगम नोज पर किसी भी तरह की वाहन पार्किंग की छूट नहीं रहेगी। श्रद्धालुओं से मेला क्षेत्र में निर्धारित मार्ग से आवागमन करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहनों को खड़ी करने की अपील की गई है। पार्किंग से मेला क्षेत्र स्नानघाट का मार्ग : परेड क्षेत्र : 1- प्लाट नंबर 17 पार्किंग : श्रद्धालु पैदल काली मार्ग द्वारा अपर संगम मार्ग से संगम स्नान घाट, हनुमान घाट व रामघाट पर जा सकेंगे। स्नान के उपरांत अक्षयवट मार्ग खडंजा वापसी मार्ग होकर त्रिवेणी मार्ग होते हुए पार्किंग तक जा सकेंगे। 2- गल्ला मंडी पार्किंग : श्रद्धालु पैदल काली मार्ग से मोरी रैम्प, किलाघाट मार्ग पहुंचकर काली उत्तरी घाट, मोरी घाट, शिवाला घाट व दशश्वामेध घाट जा सकेंगे। श्रद्धालु गंगामूर्ति चौराहा से ओल्ड जीटी रोड थाना दारागंज के सामने से अथवा रिवरफ्रंट मार्ग से अपने पार्किंग स्थल पर वापस लौटेंगे। 3- नागवासुकि पार्किंग : श्रद्धालुगण पैदल रिवर फ्रंट मार्ग या संबंधित मार्ग द्वारा नागवासुकि स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत संबंधित मार्गों व रिवर फ्रंट मार्ग से होते हुए पार्किंग वापस लौटेंगे। झूंसी क्षेत्र- 1- ओल्ड जीटी कछार पार्किंग : श्रद्धालु पैदल नागवासुकि मार्ग से पांटून पुल संख्या चार व पांच पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत ओल्ड जीटी मार्ग से कछार पार्किंग स्थल पर वापसी करेंगे। 2- टीकरमाफी महुआबाग पार्किंग : श्रद्धालु पैदल जीटी रोड, टीकरमाफी से त्रिवेणी मार्ग होते हुए पांटून पुल संख्या दो व तीन पश्चिमी के मध्य बने स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत काली मार्ग से टीकरमाफी, जीटी रोड होते हुए महुआबाग पार्किंग अथवा अन्य पार्किंग स्थलों पर वापस आएंगे। 3- सोहम आश्रम पार्किंग : श्रद्धालु पैदल रिवर फ्रंट झूसी मार्ग होते हुए अक्षयवट मार्ग से पांटून पुल संख्या एक के दक्षिणी (ऐरावत स्नान घाट) स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत महावीर मार्ग होते हुए रिवर फ्रंट झूसी मार्ग पर पहुंचकर समुद्रकूप मार्ग अथवा रिवर फ्रंट झूसी मार्ग से सोहम आश्रम पार्किंग पहुंचेंगे। अरैल क्षेत्र : 1- देवरख कछार पार्किंग : श्रद्धालु पैदल सोमेश्वर महादेव रैम्प मार्ग से सोमेश्वर महादेव स्नान घाट पर जा सकेंगे। इसके उपरांत उसी मार्ग से देवरख कछार पार्किंग अथवा संबंधित पार्किंग में वापस जाएंगे। 2- गंजिया पार्किंग : श्रद्धालु पैदल अरैल घाट मार्ग से फलाहारीबाबा आश्रम के सामने से अरैल बांध रोड पहुंचकर रैम्प से होते हुए अरैल घाट, चक्रमाधव घाट व अन्य स्नान घाटों पर स्नान करेंगे। इसके उपरांत रैम्प से होते हुए अरैल बांध रोड पहुंचकर सच्चाबाबा आश्रम, सूरियाबीर तिराहा से गजिया पार्किंग में पहुंचेंगे। 3- नवप्रयागम पार्किंग : श्रद्धालु पैदल नवप्रयागम अप्रोच मार्ग से अरैल बांध रोड पर पहुंचकर रैम्प द्वारा अरैल घाट, चक्रमाधव घाट व अन्य स्नान घाटों पर जा सकेंगे। इसके उपरांत रैम्प द्वारा संकट मोचन मार्ग पर पहुंचकर नवप्रयागम अप्रोच मार्ग से नवप्रयागम पार्किंग में वापस जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




