Prayagraj News: जमीन की नहीं हुई रजिस्ट्री, 11 लाख रुपये वापस मांगने पर मिली धमकी
Prayagraj News: प्रयागराज के दारागंज निवासी कृष्ण बहादुर सिंह ने जमीन के सौदे के रद्द होने के बाद 11 लाख रुपये की मांग की। महिला और उसके पति ने न केवल पैसे देने से इनकार किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। जार्जटाउन पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Prayagraj News: प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। जमीन का सौदा रद होने के बाद 11 लाख रुपये वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि रकम मांगने पहुंचे दारागंज निवासी कृष्ण बहादुर सिंह को महिला और उसके पति ने न केवल रुपये देने से इनकार किया, बल्कि फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। जार्जटाउन पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। कृष्ण बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 जून 2022 को जार्जटाउन निवासी अंकिता सिंह से जवाहर लाल नेहरू रोड स्थित भवन व भूमि का सौदा 15 लाख रुपये में तय किया था।
करार के समय दो चेक के जरिए 10 लाख रुपये दिए गए थे। शेष पांच लाख रुपये बैनामा के समय देने थे। किन्हीं कारणों से बैनामा नहीं हो सका तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि महिला ने पांच मार्च 2024 को 10 लाख रुपये के दो चेक दिए और कहा कि जरूरत पड़ने पर ही उन्हें बैंक में लगाएं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, महिला ने रकम की व्यवस्था होने तक भुगतान करने का भरोसा दिया और कुछ राशि हर्जाने के रूप में भी दी। तीन मई 2026 की सुबह कृष्ण बहादुर सिंह महिला के घर पहुंचे और 11 लाख रुपये की चेक राशि मांगी। आरोप है कि महिला और उसके पति ने अभद्रता करते हुए रकम देने से इनकार कर दिया। दबाव बनाने पर फर्जी मुकदमे में फंसाकर जीवन बर्बाद करने और दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।


