
लोन ऐप के बहाने ब्लैकमेल: वकील की फोटो एडिट कर धमकाया, ठगों ने वसूले पैसे
Prayagraj News - प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता को शातिरों ने व्हाटसएप डीपी से अश्लील फोटो बनाकर भेजा और पैसे ऐंठने का प्रयास किया। अधिवक्ता ने 8000 रुपये जमा कर दिए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र निवासी एक अधिवक्ता के व्हाटसएप डीपी से फोटो निकालने कर एडिट कर अश्लील फोटो भेजकर हजारों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। शातिरों ने फोटो वायरल करने की धमकी दी थी। अधिवक्ता ने शिवकुटी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। अधिवक्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने फेसबुक में ‘जिम क्रेडिट’ नाम से दो लाख रुपये का लोन ऑफर देखा और उसे क्लिक कर दिया था।
उनके मोबाइल पर एक एप डाउनलोड हो गया। उन्होंने जरूरी जानकारी अपलोट कर दी। इसके बाद उनके बैंक खाते से 24 हजार रुपये का लोन पास हो गया। खाते से दो बार में 4800 रुपये आ भी गए। 26 नवंबर को जिम क्रेडिट पर आठ हजार रुपये जमा करने के लिए कहा गया। उन्होंने इतनी रकम जमा करने से मना कर दिया।
इस पर शातिरों ने व्हाटसएप से उनकी डीपी निकालकर फोटो एडिट कर अश्लील फोटो बनाकर उनके व्हाटसएप व जूनियर अधिववक्ता को भी भेज दिया। साथ ही फोटो को वायरल करने की धमकी दी। धमकियों और बदनामी से डरकर अधिवक्ता ने दो खातों से आठ हजार रुपये जमा कर दिया। शिवकुटी थाना क्षेत्र के रुकुमपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




