गीले कूड़े से ईंधन बनने से पर्यावरण होगा स्वच्छ : महापौर
संक्षेप: Prayagraj News - प्रयागराज में अरैल स्थित बायो सीबीजी प्लांट का उद्घाटन महापौर उमेश चंद्र ने किया। यह प्लांट गीले कूड़े से बायो-कंप्रेस्ड बायोगैस का उत्पादन करेगा। शहर के पर्यावरण के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। प्लांट की क्षमता से 200 टन कूड़े से 9 टन गैस बनाई जा सकेगी, जो आगे चलकर घरेलू उपयोग में आएगी।
अरैल स्थित प्लांट में गीले कूड़े से बन रही बायो सीबीजी (बायो-कंप्रेस्ड बायोगैस) का वितरण शुरू हो गया। महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने सोमवार को प्लांट का उद्घाटन करने के साथ हरी झंडी दिखाकर गैस ले जाने वाले वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि कचरे से ईंधन बनने का शहर के पर्यावरण को लाभ होगा। महापौर ने कहा कि प्रयागराज स्थित बायो सीबीजी प्लांट प्रदेश का पहला और देश का दूसरा है। पहला प्लांट देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में संचालित हो रहा है। इस प्लांट में कचरे से गैस बनाना आत्मनिर्भता की ओर बढ़ते कदम का प्रतीक है।

समारोह में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने कहा कि कचरे को अलग करना ही इस परियोजना की सफलता की रीढ़ है। इस काम में पार्षद और नागरिकों की भूमिका अहम है। शहरवासियों के प्रयास से ही प्लांट पूरी क्षमता के साथ काम करेगा। प्रथम चरण में प्लांट 200 टन कूड़े से खाद बना सकता है। प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि अभी नगर निगम से प्रतिदिन 100 टन गीला कूड़ा मिल रहा है। इससे चार टन गैस बनाई जा रही है। 200 टन कूड़ा मिलने पर नौ टन गैस बनाई जाएगी। प्लांट में बनने वाली गैस इंडियन ऑयल और अदाणी गैस पाइप लाइन लिमिटेड को आपूर्ति की जाएगी। भविष्य में प्लांट से 343 टन कचरे से गैस बनाई जा सकेगी। पूरी क्षमता से प्लांट का संचालन होने पर यही गैस घरों की रसोई में भी इस्तेमाल की जाएगी। समारोह में महापौर और नगर आयुक्त ने प्लांट के कर्मचारी और सफाई मित्रों को सम्मानित किया। एक नजर में बायो सीबीजी प्लांट -पीपीपी मॉडल पर 25 साल के लिए नगर निगम और एवर इनवायरो के बीच अनुबंध। -अरैल में 13 एकड़ भूमि पर बना है प्लांट। -प्लांट के निर्माण में 157 करोड़ रुपये हुए खर्च। -पूरी क्षमता से प्लांट के संचालन पर प्रतिदन 20 टन बायो सीबीजी बनेगी। -बायो सीबीजी से होने वाली कमाई का निर्धारित हिस्सा नगर निगम लेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




