फिल्म अस्सी के प्रमोशन में आए अभिनेता कुमुद और जीशान

Feb 08, 2026 10:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - प्रयागराज में फिल्म अस्सी के प्रमोशन के लिए कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब पहुंचे। कुमुद ने बताया कि प्रयाग उनकी जन्मभूमि है और फिल्म का शीर्षक महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आंकड़ों पर आधारित है। जीशान ने इसे कोर्ट रूम ड्रामा बताते हुए सभी को परिवार के साथ देखने की सलाह दी।

फिल्म अस्सी के प्रमोशन में आए अभिनेता कुमुद और जीशान

प्रयागराज। फिल्म अस्सी के प्रमोशन के लिए शनिवार को प्रयाग नगरी में अभिनेता कुमुद मिश्रा और मोहम्मद जीशान अय्यूब का आगमन हुआ। मुट्ठीगंज स्थित स्टारवर्ल्ड सिनेमा में उन्होंने सिनेमा प्रेमी और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। अभिनेता कुमुद मिश्रा ने कहा कि प्रयाग मेरी जन्मभूमि है। मेरा जन्म चाकघाट के आमाद गांव में हुआ था। मैंने जिस फिल्म में अभिनय किया है, उसका प्रमोशन प्रयाग की धरती से करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं प्रयाग के लोगों को फिल्म अस्सी देखने के लिए प्रेरित कर सकता हूं। प्रयागराज संस्कृतियों का शहर है, यहां के लोग हमेशा से हमारी फिल्मों को पसंद करते रहे हैं।

अभिनेता कुमुद ने कहा कि जन्मभूमि के कारण हमेशा से इस शहर से मेरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। फिल्म शीर्षक की बात करते हुए अभिनेता ने बताया कि इस फिल्म का नाम अस्सी इसलिए रखा गया है क्योंकि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा भारत में रोजाना 80 महिलाओं का यौन उत्पीड़न हो रहा है। महिलाओं के प्रति पुरुषों को अपने विचार बदलने की जरूरत है। अपनी तरह के बेमिसाल अभिनेता जीशान अय्यूब ने कहा कि यह फिल्म कोर्ट रूम ड्रामा है, जिसके कारण यहां के लोगों को यह अधिक पसंद आएगी। क्योंकि यह वकीलों का शहर है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म को सभी लोगों को अपने परिवार के साथ देखनी चाहिए। दोनों अभिनेताओं ने दर्शकों से संवाद करते हुए फिल्म अस्सी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने किरदारों, फिल्म की कहानी और इसके सामाजिक व सांस्कृतिक पक्षों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के साथ फिल्म का ट्रेलर भी दिखाया गया, जिसे लोगों ने खूब सराहा। अभिनेताओं ने प्रयागराज के दर्शकों के उत्साह और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।