महाकुम्भ के द्वार से दूर हुए राजा हर्षवर्धन
Prayagraj News - महाकुम्भ क्षेत्र के चौड़ीकरण के तहत राजा हर्षवर्धन की प्रतिमा को तिकोनिया चौराहे से सीएमपी कॉलेज के पास स्थानांतरित किया गया है। अलोपीबाग फ्लाईओवर के विस्तार के कारण प्रतिमा को हटाना पड़ा। कुम्भ...

महाकुम्भ के तहत चल रहे चौड़ीकरण में अब राजा हर्षवर्धन की प्रतिमा आ गई है। महाकुम्भ क्षेत्र के सबसे प्रमुख प्रवेशद्वार तिकोनिया चौराहे पर लगाई गई प्रतिमा को अब यहां से हटाकर सीएमपी कॉलेज के सामने लगा दिया गया है। अलोपीबाग फ्लाईओवर के विस्तार के कारण प्रतिमा को हटाना पड़ा। सेना से पीछे जमीन मांगी गई। जब जमीन नहीं मिली तो प्रतिमा को हटा दिया गया। महाकुम्भ का प्रवेशद्वार तिकोनिया चौराहा माना जाता है। मान्यता है कि राजा हर्षवर्धन प्रयागराज के महाकुम्भ में आकर सबकुछ दान किया करते थे। उनके सम्मान में इस प्रतिमा को यहां पर कई साल पहले लगाया गया। वर्ष 2019 के कुम्भ मेले के दौरान जब चौड़ीकरण हुआ तो राजा हर्षवर्धन की प्रतिमा के घेरे को कम कर चौराहे को छोटा किया गया। अब जब नैनी ब्रिज की ओर अलोपीबाग फ्लाईओवर का विस्तार किया जा रहा है तो राजा हर्षवर्धन की प्रतिमा को हटा दिया गया। इस प्रतिमा को अब सीएमपी कॉलेज के करीब लगाया जा रहा है। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसा नहीं होना चाहिए था।
सीएमपी कॉलेज के पास है मेले का प्रवेशद्वार
इस बारे में कुम्भ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि प्रतिमा को विस्थापित नहीं किया गया है। सड़क चौड़ीकरण में प्रतिमा स्थल आया। इसके लिए पीछे प्रतिमा को लगाने की बात हुई। सेना की जमीन होने के कारण इसे वहां लगाना संभव नहीं हो सका तो प्रतिमा को सम्मान सहित सीएमपी कॉलेज के पास लगाया गया है। मेलाधिकारी ने कहा कि महाकुम्भ का यह प्रमुख जंक्शन है। जहां पर प्रतिमा को लगाया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।