Prayagraj News: ईवीएम से हराया है बैलट पेपर से भी हराएंगे : केशव

हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News: प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट की तैयारी बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा बैलट पेपर और ईवीएम, दोनों से चुनाव जीतती है। उन्होंने एमएलसी चुनाव में सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत का दावा किया और सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा। मौर्य ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया।

Prayagraj News: ईवीएम से हराया है बैलट पेपर से भी हराएंगे : केशव

Prayagraj News: प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट की तैयारी बैठक में शामिल होने आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि विपक्षी दलों को ईवीएम से तो हराया ही है, बैलट पेपर से भी हराएंगे। गुरुवार को केपी कम्युनिटी सेंटर में आयोजित बैठक में डिप्टी सीएम ने कहा कि एमएलसी चुनाव बैलट पेपर से होने हैं और इसमें इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर समेत सभी 11 सीटों पर भाजपा की जीत होगी। इस चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों को भी अपनी हैसियत का अंदाजा हो जाएगा क्योंकि विपक्ष लगातार ईवीएम पर सवाल उठाता रहा है। चाहे बैलेट पेपर से चुनाव हो या फिर ईवीएम से चुनाव हो, दोनों ही स्थितियों में भाजपा को जनता का आशीर्वाद मिलता है।

राज्यसभा चुनाव और विपक्ष पर बयान

इस बीच मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यसभा चुनाव भाजपा 80-20 प्रतिशत के अंतर से जीत रही है। अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में पैसा और परिवार को महत्व देकर प्रत्याशी बनाए हैं। उनके दूसरे प्रत्याशी धनराज परिमल नाथवानी ने पीएम मोदी के 25 साल के सफल कार्यकाल पर उन्हें बधाई दी है। हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। इससे साफ है कि सपा से जीतने वाले प्रत्याशियों में भी फूट पड़ गई है।

उसमें भी आधे भाजपा की तरफ दिखाई दे रहे हैं। दावा किया कि एमएलसी चुनाव में सपा का खाता भी खुलने की उम्मीद नहीं है। यदि भाजपा सभी 11 सीटें जीत ले तो कोई आश्चर्य नहीं होगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लंच डिप्लोमेसी में अखिलेश यादव के शामिल न होने पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इंडिया गठबंधन बिखर चुका है। इंडिया गठबंधन अगर एकजुट भी रहे तो 2027 में यूपी समेत जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, वहां पर एनडीए की भारी जीत होगी।

राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को मेडल बताए जाने पर भी डिप्टी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि देश का नेता प्रतिपक्ष अगर इस तरह की भाषा बोलते हैं यह सही नहीं है। अगर वह कोई गैर कानूनी कृत्य करेंगे तो पुलिस उनके खिलाफ मुकदमे लिखेगी। यह कोई जनहित का आंदोलन नहीं है। प्रधानमंत्री की कुर्सी पर राहुल गांधी को जल्दी से जल्दी कैसे बैठा दिया जाए और कैसे एक गरीब मां-बाप के बेटे, जो 25 साल से गुजरात और देश की निष्कलंक रूप से सेवा कर रहे हैं, केवल उन्हें कुर्सी से हटाने के लिए यह आंदोलन है। इस आंदोलन में कोई दम नहीं है।

चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन पर टिप्पणी

चुनाव आयोग के खिलाफ सपा के प्रदेशव्यापी आंदोलन को लेकर डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा है। कहा कि कांग्रेस और सपा में नूराकुश्ती चल रही है। दोनों ही दल अगर लोकतांत्रिक ढंग से कोई आंदोलन करते हैं तो उसमें भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन अगर आंदोलन की आड़ में अराजकता करेंगे तो कानून अपना काम करेगा।

नाना पाटेकर के निधन पर शोक

नाना पाटेकर की कमी कभी पूरी नहीं की जा सकेगी

बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के असामयिक निधन पर डिप्टी सीएम ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मैं ज्यादा फिल्में तो नहीं देखता हूं लेकिन नाना पाटेकर की फिल्मों में राष्ट्रभक्ति, समाजसेवा और मनोरंजन तीनों का समावेश होता था। उनका असमय जाना सबको दुख दे गया है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकेगी।

टिकट के दावेदारों का प्रत्याशी को समर्थन

टिकट के दावेदारों ने पार्टी प्रत्याशी को दिया समर्थन

केपी कम्युनिटी सेंटर में तैयारी बैठक में इस चुनाव के लिए टिकट मांग रहे डॉ. अनिल कुमार सिंह भदौरिया, कुश श्रीवास्तव, विजय द्विवेदी तथा अशोक पटेल ने मंच से डिप्टी सीएम के समक्ष पार्टी प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर का समर्थन देकर एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रम में प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, राजमणि कोल, पियूष रंजन निषाद, महापौर गणेश केसरवानी, एमएलसी मानवेन्द्र सिंह चौहान व सुरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, धर्मराज मौर्य, नीरज त्रिपाठी, अमरनाथ यादव, डॉ. शैलेश कुमार पांडेय, कन्हैया लाल पांडेय, शिव दत्त पटेल, शिखा रस्तोगी, अनिरुद्ध सिंह पटेल, आशीष केसरवानी, अरुण मिश्रा पिंटू नेता, पवन कुमार श्रीवास्तव, उमेश तिवारी, विवेक मिश्रा, दिलीप चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे। संचालन अवधेश चन्द्र गुप्ता ने किया।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦एमएलसी चुनाव में भाजपा की कितनी सीटें जीतने का दावा किया गया?−
केशव प्रसाद मौर्य ने एमएलसी चुनाव में भाजपा की सभी 11 सीटों पर जीत का दावा किया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP Newsप्रयागराजPrayagraj News: ईवीएम से हराया है बैलट पेपर से भी हराएंगे : केशव