Prayagraj News: कबीर ने भारतीय समाज को लोकतांत्रिक बनाया : देवेंद्र दास
Prayagraj News: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में ‘कबीर: लोकधर्मी चेतना और उनकी वैचारिकी’ विषय पर व्याख्यान में पारख संस्थान के देवेंद्र दास ने कबीर को जन विचारक बताया। उन्होंने कहा कि कबीर की वाणी ने भारतीय समाज को लोकतांत्रिक बनाने में योगदान दिया और उनका राम आत्मराम था। वक्ताओं ने कबीर को लोकजागरण का कवि बताते हुए उनके पाठ्यक्रम में संशोधन और मूल रचनाओं में प्रक्षेपण पर चर्चा की।
Prayagraj News: कबीर केवल संत या कवि नहीं, बल्कि जन विचारक थे। उन्होंने अपनी वाणी और विचारों से भारतीय समाज को लोकतांत्रिक बनाने का काम किया। कबीर के बीजक में लगभग ढाई सौ बार राम शब्द आया है, लेकिन उनका राम आत्मराम है। यह बातें पारख संस्थान के मुख्य प्रवक्ता देवेंद्र दास ने सोमवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग स्थित धीरेंद्र वर्मा सभागार में कहीं। वह ‘कबीर : लोकधर्मी चेतना और उनकी वैचारिकी’ विषय पर व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। देवेंद्र दास ने अकादमिक संस्थानों में कबीर से संबंधित पाठ्यक्रम में संशोधन की आवश्यकता बताई। अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. भूरेलाल ने कबीर के मूल पाठ में प्रक्षेपण पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि कबीर लोकजागरण के सच्चे कवि थे, रहस्यवादी नहीं। उनके महत्व को कम करने के लिए भक्तिकाल में अनेक मिथक गढ़े गए। संयोजक प्रो. लालसा यादव ने कबीर के पदों के माध्यम से उनके सामाजिक और वैचारिक महत्व को रेखांकित किया। प्रो. कुमार वीरेंद्र ने हिंदी विभाग और पारख संस्थान के पुराने संबंधों की चर्चा की। संचालन डॉ. जनार्दन ने किया। इस अवसर पर प्रो. संतोष भदौरिया, प्रो. प्रणय कृष्ण, प्रो. बसंत त्रिपाठी, डॉ. दीनानाथ मौर्य, डॉ. शिवकुमार यादव, डॉ. वीरेंद्र कुमार मीणा, डॉ. उमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।

