राजरूपपुर हादसे में एफआईआर दर्ज, चालक नामजद नहीं
राजरूपपुर में छोटी दीवाली पर तेज रफ्तार जगुआर कार ने एक व्यक्ति की जान ले ली और आधा दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर दिया। मृतक प्रदीप पटेल के परिजनों ने एफआईआर दर्ज करवाई है, लेकिन कार चालक का नाम अभी...

राजरूपपुर में रविवार की शाम छोटी दीवाली पर बाजार में भीड़ के बीच बेकाबू जगुआर कार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। मृतक प्रदीप पटेल के परिजनों की तहरीर पर धूमनगंज थाना पुलिस ने सिर्फ गाड़ी नंबर पर एफआईआर दर्ज की है। जबकि गवाहों व साक्ष्य के बावजूद एफआईआर में चालक का नाम तक दर्ज नहीं है। हालांकि पुलिस का दावा है कि चालक रचित मध्यान की पहचान हो चुकी है। जल्द ही एफआईआर में आरोपी का नाम दर्ज किया जाएगा। राजरूपपुर बाजार में अचानक तेज रफ्तार जगुआर कार सड़क किनारे खड़ी तीन कारों और चार बाइक से टकराते हुए आठ लोगों को भी टक्कर मार दी थी।
जगुआर के नीचे आने से 55 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन प्रदीप पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं 40 वर्षीय उमेश व उसका दस वर्षीय पुत्र आयुष के अलावा विजय चौरसिया, सुनील शर्मा, बबलू समेत अन्य लोग घायल हो गए थे। मृतक प्रदीप पटेल के भाई दिलीप पटेल की तहरीर पर धूमनगंज थाने में जगुआर कार के नंबर पर एफआईआर दर्ज की। कार का रजिस्ट्रेशन केएसएन एफएलपी प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर है। एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के परिजन ने तहरीर में कार के नंबर का उल्लेख किया है। इसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि विवेचना में कार चालक रचित मध्यान पुत्र वासुदेव मध्यान निवासी लूकरगंज खुल्दाबाद की पहचान हो चुकी है। पूरे मामले की विवेचना कर एफआईआर में नाम शामिल किया जाएगा। चालक नशे में था या नहीं, अभी स्पष्ट नहीं हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक के शराब के नशे में धुत होने का आरोप लगाया था। उधर, पुलिस की मानें तो कार चालक रचित मध्यान ने शराब का सेवन किया था या नहीं, इसकी अभी जांच हो रही है। चिकित्सकीय टीम ने ब्लड सैंपल लिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


