बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनाने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश के करेली में एसटीएफ ने बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनाने वाले गिरोह के सरगना मोहम्मद तारूक को गिरफ्तार किया। उसके क्लीनिक से 68 कूटरचित मार्कशीट, डिग्री और अन्य उपकरण बरामद हुए। तारूक ने करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
उत्तर प्रदेश व विभिन्न राज्यों के मेडिकल संस्थानों की बीएएमएस की फर्जी डिग्री बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सरगना मोहम्मद तारूक को एसटीएफ ने शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार किया। करेली स्थित उसके क्लीनिक सावित्रीबाई फुले मेडिकल रिसर्च सेंटर में छापेमारी में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों की 68 कूटरचित मार्कशीट व डिग्री, एक कंप्यूटर, पेन ड्राइव व एक मोबाइल बरामद किया गया है। मोहम्मद तारूक स्वयं और अपनी पत्नी के नाम पर भी फर्जी डिग्री बनाकर क्लीनिक चला रहा था। आरोपी को करेली थाने को सौंपते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस पूछताछ के आधार पर गिरोह के शामिल अन्य सदस्यों का भी पता लगाने में जुटी है।
मिर्जापुर बीडई पोस्ट बिहसड़ा थाना जिगना निवासी ब्रह्मानंद के क्लीनिक में एक मरीज की मौत और बवाल के बाद बीएएमएस की डिग्री फर्जी होने की पुष्टि हुई थी। ब्रह्मानंद ने स्वयं एसटीएफ से लिखित शिकायत कर जांच की मांग की थी। जांच में करेली के जीटीबी नगर के मोहम्मद तारूक द्वारा उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्य के विभिन्न मेडिकल संस्थानों की फर्जी बीएएमएस की मार्कशीट व डिग्री बनाकर लोगों से लाखों रुपये की अवैध कमाई की पुष्टि होने पर शुक्रवार की देर रात उसके क्लीनिक में दबिश दी गई। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद तारूक ने पूछताछ में बताया कि ब्रह्मानंद से छह लाख रुपये लेकर शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज बिजरवा आजमगढ़ संबद्ध वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के नाम बीएएमएस की फर्जी मार्कशीट व डिग्री दी थी। इसके पहले भी कइयों को फर्जी मार्कशीट व डिग्री बनाकर दे चुका है। प्रति व्यक्ति छह से दस लाख रुपये लेता था। उसने खुद और पत्नी राशिदा परवीन के नाम पर भी उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय देहरादून की फर्जी मार्कशीट व सर्टिफिकेट बनाकर क्लीनिक भी चलता था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



