भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने श्रम मंत्री से की मुलाकात
Prayagraj News - प्रयागराज में भारतीय मजदूर संघ का प्रतिनिधिमंडल श्रम मंत्री अनिल राजभर से मिला। बैठक में महाकुंभ 2025 के दौरान परिवहन निगम कर्मियों को 10,000 बोनस देने की मांग की गई। राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी...
प्रयागराज। भारतीय मजदूर संघ का एक प्रतिनिधिमंडल क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम मंत्री अनिल राजभर से मिला। बैठक के दौरान विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने श्रम मंत्री का ध्यान महाकुंभ 2025 के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा परिवहन निगम कर्मियों को 10,000 बोनस देने की घोषणा की ओर आकृष्ट कराया। प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक परिवहन निगम के कर्मचारियों को उक्त बोनस राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इस पर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने आश्वासन दिया कि वह स्वयं प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्ता कर शीघ्र ही निगम कर्मियों को बोनस का भुगतान कराएंगे। उल्लेखनीय है कि भारतीय मजदूर संघ द्वारा दिनांक 23 अप्रैल 2025 को भेजे गए नोटिस के बिंदु संख्या 12 में भी इस मांग को प्रमुखता से उठाया गया था। संघ ने श्रम मंत्री अनिल राजभर का इस सकारात्मक पहल के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।