अब सौर ऊर्जा से कम वोल्टेज और समय में चार्ज होगी बैटरी
Prayagraj News - प्रयागराज के वैज्ञानिकों ने नई सौर बैटरी तकनीक विकसित की है जिससे बैटरियां कम वोल्टेज और कम समय में चार्ज होंगी। यह तकनीक पतली बैटरियों के विकास में मददगार है और सोलर सेल की दक्षता को 29 प्रतिशत तक बढ़ा सकती है। यह अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान कर सकती है।

प्रयागराज। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारतीय वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) एवं गोरखपुर विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने ऐसी नई सौर बैटरी तकनीक विकसित की है, जिससे बैटरियां कम वोल्टेज और कम समय में चार्ज हो सकेंगी। यह तकनीक पतली और हल्की बैटरियों के विकास में भी मददगार साबित होगी। इस शोध का नेतृत्व ईसीसी के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम प्रकाश सिंह ने किया है। उनके अनुसार सोलर सेल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिकों ने विशेष प्रकार की परोव्स्काइट आधारित संरचना पर काम किया। इसमें अल्ट्रा-थिन परत का उपयोग किया गया, जिससे ऊर्जा के नुकसान को कम करने और बिजली उत्पादन की क्षमता बढ़ाने में सफलता मिली।
डॉ. सिंह ने बताया कि सोलर सेल के इंटरफेस और अंदरूनी हिस्से में मौजूद सूक्ष्म दोष बिजली उत्पादन की क्षमता को प्रभावित करते हैं। इन दोषों को कम करने और परतों की मोटाई व प्रतिरोध को संतुलित करने पर काम किया। इसके परिणामस्वरूप सोलर सेल की दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शोध के दौरान तैयार मॉडल में सौर सेल की पावर कन्वर्जन एफिशिएंसी (पीसीई) लगभग 29 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो वर्तमान में रिपोर्ट की गई कई तकनीक से अधिक है। वहीं, उन्नत टेंडम सोलर सेल तकनीक के प्रयोग से यह क्षमता 33 प्रतिशत से भी अधिक दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि यह तकनीक भविष्य में सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों, पोर्टेबल बैटरियों और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। कम लागत में अधिक ऊर्जा उत्पादन की क्षमता होने से यह तकनीक अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान कर सकती है। शोध के निष्कर्ष हाल ही में जर्मनी के एडवांस थ्योरी एंड सिमुलेशन के क्यू-1 में प्रकाशित हुआ।टीम में ये भी रहे शामिलइस शोध में प्रो. विनीत कुमार सिंह के साथ चिन्मय गुप्ता, प्रेम प्रकाश सिंह, सुमैया परवीन, मदन सिंह चौहान, शिव पूजन पटेल, मनीष कुमार सिंह, कुलदीप यादव, धीरेन्द्र के. चौधरी, रवि एस. सिंह और विद्या नंद सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


