
300 ट्रेनों में ओटीपी सिस्टम लागू, बिना सत्यापन टिकट नहीं
Prayagraj News - रेलवे ने पारदर्शिता बढ़ाने और दलालों पर अंकुश लगाने के लिए OTP आधारित टिकटिंग प्रणाली लागू की है। अब 300 प्रमुख ट्रेनों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर पर भेजा गया OTP दर्ज करना अनिवार्य होगा। इससे फर्जी बुकिंग और एक ही व्यक्ति द्वारा कई टिकट निकालने की समस्या का समाधान होगा।
प्रयागराज, पीयूष श्रीवास्तव। रेलवे ने टिकट बुकिंग में पारदर्शिता बढ़ाने और दलालों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सोमवार से देशभर की 300 प्रमुख ट्रेनों में ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) आधारित टिकटिंग प्रणाली लागू कर दी गई है। अब इन ट्रेनों में ऑनलाइन टिकट बिना ओटीपी सत्यापन के टिकट नहीं होगा। इसके अलावा राजधानी, शताब्दी और दूरंतों जैसी प्रीमियम ट्रेनों के लिए रेलवे के काउंटर टिकट पर भी नई व्यवस्था लागू है। यात्री को टिकट बुक करते समय वही मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिस पर ओटीपी प्राप्त हो सके। सिस्टम की ओर से भेजे गए ओटीपी को दर्ज करने या काउंटर पर बताने के बाद ही टिकट जारी किया जा रहा है।
इससे फर्जी बुकिंग, एक ही व्यक्ति की ओर से कई टिकट निकालने और एजेंटों की भूमिका पर प्रभावी रोक लगेगी। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यह व्यवस्था चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। पहले चरण में देशभर की 300 ट्रेनों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रयोग के सकारात्मक परिणाम सामने आने पर धीरे-धीरे सभी ट्रेनों में ओटीपी आधारित टिकटिंग प्रणाली लागू कर दी जाएगी। ओटीपी सिस्टम के साथ-साथ ऑनलाइन टिकटिंग में आधार सत्यापित आईडी की व्यवस्था भी लागू है, जिससे फर्जीवाड़ा रोका जा सके। प्रयागराज में काउंटर टिकट पर प्रीमियम ट्रेनों में ओटीपी प्रणाली लागू हो चुका है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




