अंग्रेजी और बीयर की जुगलबंदी से घाटे में मॉडल शॉप
Prayagraj News - प्रयागराज में खुली कंपोजिट शराब की दुकानों ने मॉडल शॉप के संचालकों को बड़ा झटका दिया है। एक ही जगह अंग्रेजी शराब और बीयर की बिक्री के कारण मॉडल शॉप की बिक्री में कमी आई है। इससे संचालकों को नुकसान हो रहा है। जिले में शराब की बिक्री 104 फीसदी बढ़ी है, लेकिन मॉडल शॉप को घाटा हो रहा है।

प्रयागराज। प्रदेश में खुली कंपोजिट शराब की दुकानों पर हुई अंग्रेजी शराब और बीयर की जुगलबंदी ने मॉडल शॉप के संचालकों (अनुज्ञापी) को तगड़ा झटका दिया है। कंपोजिट शॉप पर एक साथ अंग्रेजी शराब और बीयर बिकने के कारण मॉडल शॉप की उपयोगिता कम हुई और वे घाटे में चले गए। जिससे संचालकों को काफी नुकसान हो रहा है। यह स्थिति तब और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है जब प्रदेश के सभी जिलों में शराब की बिक्री बढ़ी है। प्रयागराज जैसे जिलों में तो लक्ष्य के सापेक्ष 104 फीसदी शराब की बिक्री हुई है। वर्ष 2025-26 की आबकारी नीति में किए गए प्रावधान के तहत पहली बार प्रदेश में कंपोजिट शराब की दुकानें खोली गई थीं।
कंपोजिट शराब की दुकानों पर बीयर और अंग्रेजी शराब मिलने से लोगों को मॉडल शॉप पर जाने की जरूरत नहीं होती है। हालांकि मॉडल शॉप पर बैठकर पीने की अतिरिक्त व्यवस्था होती है। लेकिन वहां पर कैंटीन से खाने-पीने के सामान मंगाने पड़ते हैं। ऐसे में दोगुने से अधिक खर्च होता है। दोस्तों के साथ शराब पीने वालों में अगर अंग्रेजी और बीयर दोनों के शौकीन हैं तो उन्हें एक ही दुकान पर दोनों मिल जाती है और वे वहीं कहीं बैठकर जाम लड़ा लेते हैं। कैंटीन का महंगा सामान भी खरीदने से बच गए। यही कारण है कि मॉडल शॉप को घाटा हो रहा है और अनुज्ञापी इससे टूट रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी सुशील कुमार मिश्र का कहना है कि इसी कारण कई ने नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



