अब उद्योग और शोध के लिए विशेषज्ञ तैयार करेगा ट्रिपलआईटी
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान प्रयागराज ने क्वांटम तकनीकों में कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए दो वर्षीय एमटेक इन क्वांटम इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम शुरू किया है। यह पाठ्यक्रम राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के लक्ष्यों के अनुरूप है और क्वांटम विज्ञान, कंप्यूटिंग, संचार एवं संबंधित क्षेत्रों में विशेषज्ञता प्रदान करेगा।

प्रयागराज। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) प्रयागराज ने उभरती क्वांटम तकनीकों के क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से दो वर्षीय एमटेक इन क्वांटम इंफॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी (क्यूआईटी) कार्यक्रम शुरू किया है। चार सेमेस्टर वाले इस बहुविषयक पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय क्वांटम मिशन (एनक्यूएम) के लक्ष्यों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि देश में तेजी से विकसित हो रहे क्वांटम इकोसिस्टम के लिए विशेषज्ञ तैयार किए जा सकें। नए एमटेक पाठ्यक्रम का उद्देश्य क्वांटम विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षण, प्रशिक्षण और शोध के अवसर उपलब्ध कराना है।
इसके माध्यम से ऐसे पेशेवर तैयार किए जाएंगे जो क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार, क्वांटम सूचना विज्ञान और संबंधित तकनीकों के विकास में योगदान दे सकें। पाठ्यक्रम में क्वांटम कंप्यूटिंग एवं सिमुलेशन, क्वांटम सूचना एवं संचार, क्वांटम मैटेरियल्स एवं डिवाइस, क्वांटम न्यूरल नेटवर्क, क्वांटम एवं पोस्ट-क्वांटम क्रिप्टोग्राफी जैसे अत्याधुनिक विषय शामिल किए गए हैं। विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक और तकनीकी कौशल भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे उद्योग, कॉरपोरेट क्षेत्र और अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाओं में रोजगार प्राप्त कर सकें।25 सीटें पर एमटेक क्यूआईटी में प्रवेश होगा। बीटेक, बीई, बीएस, बीएससी, एमएससी अथवा इंटीग्रेटेड बीएस-एमएस डिग्री तथा निर्धारित विषयों में गेट योग्यता होना आवश्यक है। गेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को फेलोशिप का लाभ भी मिलेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


