ट्रिपलआईटी: अब चार वर्षीय बीएससी कोर्स वाले भी करेंगे एमटेक

हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

प्रयागराज के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) ने चार वर्षीय बीएससी करने वाले छात्रों के लिए एमटेक इन क्वांटम इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी शुरू किया है। इस पाठ्यक्रम में गेट परीक्षा अनिवार्य नहीं है और इसमें 25 सीटें हैं। छात्रों को इंडस्ट्री से जुड़ी ट्रेनिंग और इंटर्नशिप का भी अवसर मिलेगा।

ट्रिपलआईटी: अब चार वर्षीय बीएससी कोर्स वाले भी करेंगे एमटेक

प्रयागराज। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) ने महत्वपूर्ण पहल की है, जिसके तहत अब चार वर्षीय बीएससी कोर्स करने वाले छात्र-छात्राएं भी एमटेक में प्रवेश ले सकेंगे। संस्थान ने शैक्षिक सत्र 2026-27 से एमटेक इन क्वांटम इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमटेक क्यूआईटी) नाम से नया पाठ्यक्रम शुरू किया है, जिसे एप्लाइड साइंस विभाग के अंतर्गत संचालित किया जाएगा। इस कोर्स में कुल 25 सीटें निर्धारित की गई हैं। नए पाठ्यक्रम के संचालन के लिए संस्थान ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस पाठ्यक्रम की विशेष बात यह है कि प्रवेश के लिए गेट परीक्षा अनिवार्य नहीं होगी। हालांकि, गेट क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन यदि सीटें खाली रह जाती हैं तो बिना गेट वाले छात्र भी आवेदन कर सकेंगे।

ऐसे अभ्यर्थियों का चयन संस्थान स्क्रीनिंग परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर करेगा। इससे उन छात्रों को भी अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश गेट परीक्षा नहीं दे पाए या उसमें सफल नहीं हो सके।विभागाध्यक्ष प्रो. श्रीजीत भट्टाचार्जी ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 10 2 स्तर पर फिजिक्स और मैथ्स होना अनिवार्य है। इसके अलावा बीटेक, बीई, बीएससी, एमएससी या इंटीग्रेटेड बीएस-एमएस करने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और मैथमेटिक्स जैसे विभिन्न विषयों से संबंधित गेट स्कोर मान्य होंगे। इस नए कोर्स की एक और विशेषता यह है कि इसमें छात्रों को इंडस्ट्री से जुड़ी ट्रेनिंग, इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट करने के अवसर भी मिलेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर करियर संभावनाएं भी विकसित होंगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।