
अश्लील वीडियो और शराब-सिगरेट से इनकार पर मारपीट, होटल कारोबारी की बेटी बनी शिकार
Prayagraj News - एक होटल कारोबारी की बेटी, जो कानून की पढ़ाई कर रही है, ने अपने चार सहपाठियों पर सरेराह हमला करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि छात्राओं ने उसे शराब और सिगरेट पीने के लिए मजबूर किया, जब उसने मना किया तो उसे पीटा गया। इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
शहर के एक होटल कारोबारी की बेटी को सरेराह पीटने का मामला सामने आया है। कानून की पढ़ाई कर रही कारोबारी की बेटी ने मारपीट का आरोप अपने ही साथ पढ़ने वाली चार छात्राओं पर लगाया है। उसके मुताबिक मारपीट इसलिए की गई क्योंकि वह आरोपी छात्राओं के कहने पर शराब और सिगरेट पीने को तैयार नहीं हुई। कारोबारी की बेटी की तहरीर पर चार छात्राओं के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। सिविल लाइंस निवासी होटल कारोबारी की 25 वर्षीय बेटी क्लैट की तैयारी कर रही है। इसके लिए वह सिविल लाइंस स्थित एक कोचिंग में पढ़ने जाती है।
उसके आरोप के मुताबिक, नौ दिसंबर की शाम वह कोचिंग गई थी। छुट्टी होने पर बाहर निकली तो पहले से वहां मौजूद चार छात्राओं ने उस पर हमला बोल दिया। उसे लात-घूसों और थप्पड़ों से पीटा। बाल पकड़ कर लोहे के कड़े से मारा। गला दबाया और जान से मारने की कोशिश की। आरोप है कि चारों छात्राएं काफी समय से उस पर शराब और सिगरेट पीने का दबाव बना रही थीं। बात न मानने से वह नाराज थीं और इसी के चलते घटना को अंजाम दिया। बदनाम और बेइज्जत करने की नीयत से उन्होंने घटना का वीडियो भी बनाया है।
कारोबारी की बेटी ने कोचिंग डायरेक्टर पर भी आरोप लगाया है कि शिकायत पर उन्होंने मारपीट करने वाली छात्राओं के साथ उसे भी कोचिंग से निकालने की धमकी दी। इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि चार छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने वाली छात्राएं उससे लड़कों को अश्लील वीडियो फारवर्ड करने को बोलती थीं। लेकिन वह ऐसा करने को तैयार नहीं हुई। इससे भी आरोपी छात्राएं उससे खफा थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




