Prayagraj News: होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया की तैयारियों पर मंथन
Prayagraj News: 15 सितंबर से शुरू होने वाली होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाने की तैयारियां चल रही हैं। डीसीपी और पीएसी अधिकारियों ने भर्ती की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और दिशा-निर्देश दिए। लगभग 900 अभ्यर्थियों की प्रतिदिन दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक परीक्षाएं होंगी।

Prayagraj News: आगामी 15 सितंबर से शुरू होने वाली होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी व सकुशल संपन्न कराने की तैयारी तेज हो गई है। नोडल अधिकारी डीसीपी मुख्यालय पंकज और चतुर्थ वाहिनी पीएसी सेनानायक सर्वेश कुमार मिश्र ने रविवार को भर्ती प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही अधिनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। पीएसी धूमनगंज परिसर में करीब एक सप्ताह तक होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। प्रतिदिन करीब 900 अभ्यर्थियों की दौड़ व अन्य शारीरिक परीक्षा होंगी। इस दौरान अभ्यर्थियों के आगमन व प्रवेश स्थल, कतार व होल्डिंग एरिया, दस्तावेज, प्रारंभिक सत्यापन स्थल, रनिंग स्थल व ट्रैक, रनिंग स्टार्ट व फिनिशिंग प्वाइंट, निकास स्थल, पेयजल व्यवस्था, प्राथमिक उपचार व मेडिकल प्वाइंट, सुरक्षा व कानून-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग और रिजर्व व क्विक रिस्पांस ड्यूटी प्वाइंट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अनुशासन व भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एडीसीपी जोगेंद्र लाल, सहायक सेनानायक मनीष कुमार यादव, सहायक सेनानायक अनुष्का, एसएसएफ सहायक सेनानायक हरेंद्र यादव, चिकित्साधिकारी अब्दुल फारुख सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

