Prayagraj News: आफत बनकर बरसे बादल, ढही दीवार, टूटा संपर्क
Prayagraj News: प्रयागराज में उमस भरी गर्मी के बीच बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कोरांव में कई गांवों का संपर्क टूट गया है और एक परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं। मंडलायुक्त ने नगर निगम से जल निकासी की रिपोर्ट मांगकर समस्या को सुलझाने का निर्देश दिया है।

Prayagraj News: प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। उमस भरी गर्मी झेल रहे शहरियों के लिए बारिश की बूंदे राहत से ज्यादा आफत बनकर गिरी हैं। शहर से लेकर गांव तक जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर में जहां लबालब हुईं सड़कों के कारण लोगों को दफ्तर और काम पर पहुंचने में समय लगा, वहीं छतनाग में मकान की दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। जबकि सोरांव में दीवार तो ढही, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। कोरांव में बेलन के उफान पर आने के कारण रपटों पर पानी भर गया और कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट गया। सूचना जिला मुख्यालय पर मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम को वहां भेजा गया और राहत व बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा।
बारिश का सिलसिला
रविवार आधी रात से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला सोमवार रात और फिर मंगलवार को दिन में भी जारी रहा। शहर के तमाम इलाकों सहित ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशानी हुई। एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि कोरांव में बड़ा जन समूह प्रभावित हुआ है। बेलन में उफान के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है। इससे करीब 40 गांवों की 80 आबादी प्रभावित हुई है। कोरांव में राहत सामग्री के साथ एनडीआरएफ की टीम को भेजा गया है। वहीं छतनाग में मकान की दीवार ढहने से एक ही परिवार के चार लोगों को चोट आई। महिला को अधिक चोट आई, लेकिन उन्होंने निजी अस्पताल में उपचार करवाया।
नगर निगम से मांगी मंडलायुक्त ने रिपोर्ट
प्रयागराज। शहरी क्षेत्रों में जलभराव का बड़ा कारण नालों की बनावट सही न होना है। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने नगर आयुक्त सीलम साई तेजा से नगर क्षेत्र में नालों की बनावट व नई बनी सड़कों के आसपास नालों की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। जिससे फौरी तौर पर कुछ बंदोबस्त किया जा सके तो उस कदम को उठाएं और आने वाले वर्षों के लिए एक ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे जल जमाव की स्थिति से आम नागरिक परेशान न हों।


