पूरे भौकाल के साथ निकली हथौड़ा बारात
Prayagraj News - प्रयागराज में होलिका दहन से पहले हथौड़ा बारात का आयोजन किया गया। मेयर गणेश केसरवानी और अन्य अतिथियों की उपस्थिति में बारात का स्वागत किया गया। अतिथियों ने कद्दू का भंजन किया, जिसमें से अबीर-गुलाल निकला। ढोल-ताशा और बैंड की धुन पर बाराती रंगों में डूबे नजर आए।

प्रयागराज, संवाददाता। होलिका दहन से पहले इलाहाबादी परंपरा का निवर्हन करते हुए पूरे भौकाल के साथ शहर में हथौड़ा बारात निकाली गई। मुख्य अतिथि मेयर गणेश केसरवानी, बारात के अध्यक्ष ओपी गुप्त, कौशल्यानंद गिरि (टीना मां), पूर्व आयुक्त आरएस वर्मा व संयोजक संजय सिंह की अगुवाई में केसर विद्यापीठ इंटर कॉलेज के सामने दूल्हा बने हथौड़े को फूलमाल पहनाकर व कजरौटा से काजल लगाकर उसकी विधिवत पूजा की गई। मुसर चुमावन, लोढवा घुमावन कर लालटेन से हथौड़े की आरती उतारकर दूल्हे राजा की बलाईयां लेते हुए नजर उतारी गई। होली के उल्लास में डूबे अतिथियों ने जैसे ही कद्दू का भंजन किया, उसमें से अबीर-गुलाल निकला।
जिसे एक-दूसरे को लगाने की होड़ लग गई। होलियारों की वेशभूषा में सजे बाराती होली है, बुरा ना मानो होली है व अमे इहां आवो जैसे संबोधन से एक-दूसरे की ओर लपक रहे दिखाई दिए। ढोल ताशा, बैंड व डीजे की धुन पर थिरकते बाराती मीरगंज, खोवा मंडी, जीरो रोड, घंटाघर, बजाजा पट्टी, लाल डिग्गी व लोकनाथ चौराहा होते हुए देर रात कॉलेज के सामने पहुंची। बारात जिन मार्गों से निकली, वहां खड़े उत्साहित लोगों ने बारातियों पर अबीर-गुलाल व रंगों की बौछार की। बारातियों में डीसीपी मनीष कुमार, अनिल गुप्त (अन्नू भइया), भालचंद्र कुशवाहा, श्याम सुंदर सिंह पटेल, कन्हैया लाल गुप्त, दिग्विजय कुशवाहा, गोपीनाथ सराफ, ओम प्रकाश अग्रवाल, निखिल केसरवानी, विनोद सोनकर, अमित गुप्त आदि शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


