
दूधिया रोशनी में दर्शन देने निकले कृष्ण-बलदाऊ
Prayagraj News - प्रयागराज में रविवार को भव्य दधिकांदो मेला आयोजित हुआ। मेयर गणेश केसरवानी ने हरिहर बाबा मंदिर में पूजा की और श्रीकृष्ण-बलदाऊ की आरती उतारी। झांकियों में गोपियां, कंस वध और अन्य धार्मिक दृश्य शामिल थे।...
प्रयागराज, संवाददाता। प्राचीन श्री दधिकांदो मेला कमेटी कृष्णानगर त्रिवेणी मार्ग कीडगंज का दधिकांदो मेला रविवार को भव्यता के साथ आयोजित हुआ। कमेटी के संरक्षक और मेयर गणेश केसरवानी ने विधिविधान से हरिहर बाबा मंदिर, कीडगंज में मुकुट पूजन किया। फिर श्रीकृष्ण-बलदाऊ और राधारानी की आरती उतारी। इसके बाद पहलवान वीर बाबा मंदिर के पास कृत्रिम हाथी पर चांदी के हौदे पर श्रीकृष्ण-बलदाऊ और चांदी की चौकी पर राधारानी को विराजित कर दल का शुभारंभ किया। दल की अगुवाई कमेटी के संयोजक मनीष केसरवानी ने की। इस मौके पर न्यायमूर्ति शेखर यादव, डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह गौर, पदुम जायसवाल, अजय जायसवाल, मनोज मिश्र आदि शामिल रहे।
आकर्षित करती रहीं झांकियां दूधिया रोशनी में निकले दल में आधा दर्जन झांकियों शामिल हुईं, जिसमें गोपियां संग महारास, कृष्ण द्वारा कंस का वध, रुक्मिणी-सत्यभामा का संवाद, बकासुर, नरसिंह अवतार, कालिया नागमर्दन जैसी झांकियां जनमानस को आकर्षित रहीं। दल वीर बाबा मंदिर कीडगंज से उठकर त्रिवेणी मार्ग से होते हुए राम जानकी मंदिर चौराहा, सतीशाह चौराहा, कोठापार्चा डाट का पुल व आर्यकन्या चौराहा से होकर देर रात ज्ञान पुस्तकालय पहुंचा। पुष्पवर्षा के बीच जगह-जगह कृष्ण-बलदाऊ का स्वागत किया गया। आज होगा कंस का वध कमेटी की ओर से सोमवार को शाम सात बजे परेड मैदान, कीडगंज में कंस वध का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रयागराज में इस वर्ष आयोजित छह मोहल्लों के परंपरागत दधिकांदो मेले का भी समापन हो जाएगा। यह जानकारी कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने दी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




