Prayagraj News: किशोर गृह के आवासितों को बनाएंगे स्वावलंबी
Prayagraj News: प्रयागराज में, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किशोर गृह के बच्चों को स्वावलंबी बनाने के लिए निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने बैठक बुलाई, जिसमें बच्चों के बैंक खाते खोलने और कौशल विकास के लिए व्यावसायिक शिक्षा की योजना बनाई गई है। यह प्रयास बच्चों को रोजगार परक काम में सक्षम बनाना है।

Prayagraj News: प्रयागराज। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने पिछले दिनों प्रयागराज में निरीक्षण के दौरान खुल्दाबाद स्थित किशोर गृह के बच्चों को स्वावलंबी बनाने के लिए निर्देश दिया तो जिला प्रशासन ने इस पर कार्रवाई शुरू कर दी। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर सभी विभागों की समन्वय बैठक बुलाई गई और बच्चों को स्वावलंबी बनाने के लिए काम करने के लिए निर्देश दिए गए। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह तय किया गया कि यहां आवासित सभी बच्चों के आवश्यक रूप से बैंक खाते खुलवाए जाएं और सभी का आधार कार्ड बनाया जाए। नियमित काम के योग कराने के लिए मास्टर ट्रेनर तैनात किया जाएगा। वहीं, बीएसए को निर्देश दिया गया कि सभी का प्रवेश कराकर उन्हें ड्रेस व कॉपी किताब उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही कौशल विकास की ओर से यहां रह रहे किशोरों को व्यावसायिक शिक्षा का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। प्रशासन के अफसर ही उनके तैयार उत्पादों को बाजार भी उपलब्ध कराएंगे, जिससे प्राप्त राशि उनके खाते में जाएगी। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय ने बताया कि राज्यपाल के निर्देश के क्रम में तैयारी शुरू कर दी गई है। हमारा प्रयास है कि बच्चे यहां से निकले तो वो कुछ अच्छा और रोजगार परक काम करें。
पिछले दिनों चर्चा में रहा था किशोर गृह
पिछले दिनों बच्चों से मारपीट के मामले में किशोर गृह चर्चा में रहा था। राज्यपाल के निरीक्षण के दौरान भी कुछ अव्यवस्था सामने आई थी, जिसके बाद डीएम ने चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी ने जांच में यहां के अधीक्षक व स्टाफ की गलती पाई थी, जिसके बाद अधीक्षक का तबादला अयोध्या कर दिया गया था, जबकि स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई अभी प्रस्तावित है। इसके बाद यहां के बच्चों को कुछ नए कार्यों में लगाने की कवायद तेज हो गई है।


