
बिना बुलाए लखनऊ प्रवास पर न रहें शिक्षा अधिकारी
संक्षेप: Prayagraj News - बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी बिना अनुमति लखनऊ में रह रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी प्रयागराज में अपने कार्यालयों में रहें। शिक्षा निदेशालय ने नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, जिनकी तैनाती प्रयागराज में स्थित विभिन्न कार्यालयों में है, बिना अनुमति और बिना उचित कारण के लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं। इस प्रवृत्ति पर शासन ने कड़ी नाराजगी जताई है। अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी प्रयागराज स्थित अपने-अपने कार्यालयों में रहकर ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि प्रयागराज स्थित किसी भी अधिकारी (निदेशक, माध्यमिक/बेसिक को छोड़कर) को लखनऊ तभी आना होगा, जब शासन या लखनऊ स्थित महानिदेशालय/निदेशालय की बैठक के लिए बुलाया जाए। केवल उचित कारण होने पर ही उच्चाधिकारी की अनुमति लेकर लखनऊ आ सकेंगे।

अपर मुख्य सचिव ने चेताया है कि इस निर्देश का उल्लंघन शासकीय कार्य की गति और अधीनस्थों पर नियंत्रण दोनों को प्रभावित करता है, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस विषय पर शिक्षा निदेशालय मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ ने भी लगातार आवाज उठाई थी। संघ ने कहा था कि प्रयागराज मुख्यालय में अधिकारी नियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसके साथ ही संघ ने यह भी मांग की है कि एक ही अनुभाग में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत कर्मचारियों का अनुभाग परिवर्तन किया जाए। शासन के निर्देशों के अनुपालन में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव ने सभी अधिकारियों को मुख्यालय प्रयागराज में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




