मुंडरा मंडी में मामूली विवाद में फेंका खौलता तेल
Prayagraj News - प्रयागराज के मुंडेरा मंडी में एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। फल के आढ़ती सूर्यांश और सिद्धांत सिंह पर ठेले वाले उमेश ने कढ़ाई का खौलता तेल फेंक दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने...

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। मुंडेरा मंडी में मंगलवार की देर शाम मामूली विवाद ने भयावह रूप अख्तियार कर लिया। फल की आढ़त के सामने ठेले वाले से कहासुनी हुई और ठेले वाले ने आढ़ती दोनों भाइयों पर कढ़ाई का खौलता तेल फेंक दिया। इससे दोनों आढ़ती बुरी तरह झुलस गए, तो वहीं ठेला वाला भी आंशिक रूप से झुलस गया। धूमनगंज पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल फल व्यवसायी की तहरीर पर नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मुंडेरा निवासी सूर्यांश सिंह का मुंडेरा मंडी में फल का थोक कारोबार है। उनकी आढ़त की दुकान के सामने ही उमेश नाम का युवक ठेले पर छोला-भटूरा बेचता है।
उमेश मंगलवार शाम अचानक बारिश होने पर ठेले पर प्लास्टिक का तिरपाल बांधने लगा। इस पर सूर्यांश सिंह ने मना किया, तो दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। सूर्यांश का चचेरा भाई सिद्धांत सिंह भी आ गया। आरोप है कि झगड़े के बीच उमेश ने अचानक कढ़ाई का खौलता तेल सूर्यांश और सिद्धांत पर फेंक दिया। इससे दोनों बुरी तरह झुलस गए जबकि, उमेश का हाथ भी आंशिक रूप से झुलस गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तीनों को तत्काल अस्पताल भेजा। धूमनगंज थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि फल व्यवसायी की तहरीर पर उमेश के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




