व्यापारिक साझेदारी का झांसा देकर 4.60 करोड़ रुपये की ठगी

Apr 06, 2026 06:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share

Prayagraj News - प्रयागराज में एक महिला को एक झूठे प्रोजेक्ट में व्यापारिक साझेदारी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की गई है। आरोपी नवेंद्र कुमार पांडेय ने महिला से पैसे लेने के बाद जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

व्यापारिक साझेदारी का झांसा देकर 4.60 करोड़ रुपये की ठगी

प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक महिला से तथाकथित प्रोजेक्ट में व्यापारिक साझेदारी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नैनी के विनोबा नगर निवासी नवेंद्र कुमार पांडेय के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज के आधार पर पहले ठगी की और फिर रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।लूकरगंज झूलेलाल नगर निवासी रितु भगत की तहरीर के मुताबिक, दिसंबर 2023 में नैनी के नवेंद्र कुमार पांडेय से सिविल लाइंस स्थित एक होटल में मुलाकात हुई थी। नवेंद्र ने सोनभद्र में भारतीय समाज कल्याण एवं ग्रामीण विकास संस्था के अंतर्गत अपनी कथित संस्था होने का दावा करते हुए डीडीयू-जीकेवाई प्रोजेक्ट में निवेश का प्रस्ताव देकर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी का झांसा दिया।

उस पर विश्वास कर रितु ने आठ जनवरी 2024 को 35 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिया और सोनभद्र में प्रोजेक्ट का काम शुरू किया। इसके बाद नवेंद्र पांडेय ने डीडीयू- जीकेवाई 2.0 के नाम पर बड़ा प्रोजेक्ट मिलने की बात कहकर करीब तीन करोड़ रुपये की बैंक गारंटी का हवाला देते हुए और निवेश कराया। इसके तहत 92.50 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 1.25 करोड़ रुपये नकदी दिया। इसके बाद फिर 1.25 करोड़ रुपये नकद दिए। इसके अलावा अपनी एक मित्र के जरिए भी 82.71 लाख रुपये आरोपी के खाते में जमा कराए गए। आरोप है कि ग्रामीण विकास मंत्रालय का प्रोजेक्ट स्वीकृति पत्र दिखाकर भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में जांच में यह दस्तावेज कूटरचित (फर्जी) पाया गया। आरोप है कि अगस्त 2024 के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। जब रितु उसके घर पहुंची तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।