
अस्पताल संचालक ने बैंक मैनेजर से की लाखों की ठगी
संक्षेप: Prayagraj News - प्रयागराज में एक प्राइवेट बैंक के मैनेजर मोहम्मद अनवर ने आयुष्मान हॉस्पिटल संचालक और अन्य के खिलाफ 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। प्राइवेट बैंक मैनेजर से धोखाधड़ी कर 49.70 लाख रुपये की ठगी करने और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बैंक मैनेजर की तहरीर पर करेली थाना में शुक्रवार को आयुष्मान हॉस्पिटल संचालक समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने रुपये के लेनदेन का विवाद बताते हुए जांच करने की बात कही है। जीटीबी नगर निवासी मोहम्मद अनवर साजिश हाशमी एक प्राइवेट बैंक में शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। मोहम्मद अनवर की तहरीर के अनुसार, एक परिचित के माध्यम से आयुष्मान हॉस्पिटल संचालक मोहम्मद अमीर और नबील कादरी से मुलाकात हुई।

इन लोगों ने अस्पताल में उपकरण खरीदने के नाम पर 15 लाख रुपये लिखापढ़ी के साथ अनवर से उधार लिए और इसके एवज में पांच किस्तों में 25 लाख वापस करने का एग्रीमेंट हुआ था। लेकिन, पहली किस्त के पांच लाख देने के बाद दूसरी किस्त नहीं अदा की गई। मोहम्मद अनवर ने रुपये वापस करने का दबाव बनाया गया, तो मोहम्मद अमीर ने करेली के मक्का मस्जिद के पास खुद का मकान 28 लाख रुपये में खरीदने का प्रस्ताव दिया। एक बार फिर उसके झांसे में आकर अनवर ने अपने दोस्त आसिफ गुलजार के साथ मिलकर साढ़े 24 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी मकान का बैनामा नहीं किया गया। आरोप है कि मोहम्मद अनवर जब आरोपी मोहम्मद अमीर के घर पहुंचे, तो उसकी मां बुशरा खातून ने मकान उनके नाम दर्ज होने और 40 लाख रुपये में बेचने का बात कही। खुद के रुपये फंसे होने की वजह से विश्वास कर मोहम्मद अनवर ने दस लाख रुपये और दे दिए। इसके बावजूद न तो मकान का बैनामा किया गया और न ही रुपये वापस लौटाया गया। आरोप लगाया कि रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि आसिफ, अमीर, नबील कादरी, लारेब, बुशरा खातून व तुबा आशिफ के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




