
जांच में मिला असुरक्षित दूध और पनीर, लाइसेंस निरस्त
Prayagraj News - खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खोदायपुर बगई खुर्द में अनिग डेयरी से लिए गए नमूनों की जांच में दूध और पनीर को असुरक्षित पाया। इस मामले में लाइसेंस तुरंत निरस्त कर दिया गया है। एक ही इकाई में दो असुरक्षित नमूने मिलने की यह पहली घटना है। डेयरी संचालक को अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है।
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग ने शनिवार को फूलपुर के खोदायपुर बगई खुर्द में अनिग डेयरी से पिछले दिनों पांच नमूने लिए। इसकी लैब में जांच कराई गई तो दूध और पनीर की रिपोर्ट असुरक्षित आई। यानी दूध और पनीर में ऐसी मिलावट पाई गई जो किसी भी इंसान के इस्तेमाल करने योग्य नहीं थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। अफसरों का कहना है कि एक ही इकाई में दो-दो नमूने असुरक्षित होने का यह पहला मामला है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर प्रयागराज और मिर्जापुर की टीम ने इस इकाई पर संयुक्त अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा द्वितीय सुशील कुमार ने बताया कि 19 नवंबर को लिए गए नमूनों को लैब में जांच के लिए भेजा गया। इसमें दो प्रमुख उत्पादों की रिपोर्ट असुरक्षित थी। यानी इसमें वो चीजें मिलाई गई थीं जो किसी भी प्रकार से इंसान के इस्तेमाल योग्य नहीं थीं। एक इकाई में दो ऐसी रिपोर्ट जिले का पहला मामला था। सहायक आयुक्त ने कहा कि किसी भी डेयरी में दूध सबसे प्रमुख उत्पाद होता है। इसका मिलावटी होना बहुत बड़ा मामला है। फिलहाल लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। डेयरी संचालक को भी अपना पक्ष रखने का वक्त दिया गया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




