Prayagraj News: नालों और सरकारी जमीन पर कब्जे से बदहाल हुआ शहर
Prayagraj News: प्रयागराज में बारिश के बाद जलभराव ने नालों और सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों की समस्या को उजागर किया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट में पाया गया है कि निर्माणों के कारण पानी की निकासी में बाधा उत्पन्न हो रही है।

Prayagraj News: प्रयागराज। लगातार बारिश के बाद शहर में जगह-जगह हुए जलभराव ने नालों और सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जों की पोल खोल दी है। जल निकासी बाधित होने के कारण कई इलाकों में पानी सड़कों और घरों तक पहुंच गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने शहर में जलभराव के कारणों और नालों की मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कराई है। रिपोर्ट में कई स्थानों पर नालों, राजकीय आस्थान और नजूल भूमि पर अवैध निर्माण व कब्जे की स्थिति सामने आई है। रिपोर्ट में पाया गया है कि कई स्थानों पर नालों के ऊपर और किनारे निर्माण कर दिए गए हैं।
इससे बारिश के दौरान पानी की निकासी का रास्ता बाधित हो रहा है। प्रशासन का मानना है कि इन कब्जों के कारण प्राकृतिक और निर्मित जल निकासी तंत्र प्रभावित हुआ है और भारी बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज, एडीएम नजूल संजय कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह और एसडीएम सदर अंकित कुमार वर्मा को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में रिपोर्ट के आधार पर अवैध कब्जों और निर्माणों को चिह्नित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई करने को कहा गया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सात दिन के भीतर अवैध कब्जे हटाकर की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर प्रभावी ढंग से अतिक्रमण हटाया जाए। अधिकारियों से कार्रवाई की रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी स्तर से इसकी समीक्षा की जाएगी।

